“उन्हें यह समझने में वक्त लगेगा कि उनकी मां….”, रुला देगी अहमदाबाद हादसे में जान गंवाने वाली रूपल की कहानी
रूपल पटेल के शोकाकुल परिजन/ फोटो क्रेडिट: आईएएनएस
खेड़ा | अहमदाबाद में बीते दिन गुरुवार दोपहर को हुए विमान हादसे ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है. दुर्घटना के समय विमान में 242 यात्री सवार थे. जिनमें से 17 लोग गुजरात के खेड़ा जिले से थे. इसके चलते जिले में शोक का माहौल है. 17 मृतकों में उत्तरसंडा की एक महिला रूपल बेन पटेल भी शामिल हैं. लंदन में रूपल के पति और बच्चे उनके लौटने का इंतजार कर रहे थे.
रूपल बेन पटेल पिछले 15 साल से अपने पति और तीन बच्चों के साथ लंदन में रह रही थीं. गुजरात के खेड़ा जिले के उत्तरसंडा में उनका मायका है. वह बीते कुछ दिनों से अपने इलाज के सिलसिले में भारत आई थीं और 10 दिन से अपने मायके में रह रही थीं. इलाज के दौरान उनका ऑपरेशन भी हुआ था. ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य में सुधार के बाद उन्होंने 12 जून को लंदन लौटने की योजना बनाई थी.
रूपल अहमदाबाद से एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर 171 से लंदन लौट रही थीं. उनकी सीट संख्या 19जे थी. उन्हें उनके भाई और भाभी अहमदाबाद एयरपोर्ट छोड़ने आए थे लेकिन जैसे ही वो घर लौटे, उन्हें विमान दुर्घटना की खबर मिली. वह वही फ्लाइट थी, जिसमें उनकी बहन सवार थीं.
मृतक रूपल के भाई और भाभी का कहना है कि रूपल बेन ने भारत में अपने मायके में बहुत अच्छा समय बिताया था और वो अपने बच्चों और पति के पास लौटने को लेकर बेहद उत्साहित थीं. उनके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक 13 साल का बेटा और दो 7 वर्षीय जुड़वां हैं. वो लंदन में अपनी मां की राह देख रहे थे लेकिन अब शायद उन्हें यह समझने में वक्त लगेगा कि उनकी मां कभी लौटकर नहीं आएंगी. परिवार के सदस्यों ने बताया कि जैसे ही हादसे की जानकारी लंदन में उनके पति को मिली, वो अपने तीनों बच्चों के साथ तत्काल गुजरात रवाना हो गए हैं.
IANS
