‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जाबांज बीएसएफ जवान का दिल्ली-बेंगलुरु फ्लाइट में सम्मान हुआ, तालियों से गूंज उठा केबिन, वीडियो आया सामने
BSF द्वारा साझा किए गए वीडियो से लिया गया फोटो
नई दिल्ली | ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय साहसिक उदाहरण पेश करने वाले बीएसएफ की 165वीं बटालियन के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर राजप्पा बीडी का इंडिगो की फ्लाइट में सम्मान किया गया. इस दौरान फ्लाइट का पूरा केबिन तालियों से गूंज उठा. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि ऑपरेशन सिंदूर के नायक बीएसएफ जवान राजप्पा बीडी का फ्लाइट में सम्मान किया जाता है. दरअसल, यह सम्मान उनकी वीरता और पराक्रम का था. सम्मान पाकर गदगद हुए बीएसएफ अधिकारी ने एयरलाइन कंपनी का आभार जताया.
बीएसएफ ने वीडियो शेयर करते हुए अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, “कुछ वीर जन्म से नहीं, कर्म से महान बनते हैं. दिनांक 10 जून 2025, इंडिगो दिल्ली-बेंगलुरु के विमान कर्मी दल द्वारा बीएसएफ की 165वीं बटालियन के सहायक उप निरीक्षक राजप्पा बीडी द्वारा ऑपरेशन सिन्दूर में किये गए वीरोचित कार्य का पुनः स्मरण, उनकी कर्तव्यनिष्ठा और देश के लिए समर्पण का सम्मान है. सीमा सुरक्षा बल, अपने बहादुर सीमा प्रहरी को सम्मान देने की इंडिगो की इस पहल के लिए उनका आभार व्यक्त करता है. सीमा सुरक्षा बल राष्ट्र रक्षा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित है.”
जहाज के कप्तान द्वारा @BSF_India जॉबांज ASI राज्जपा जी को उनके द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बहादुरी के लिए किया मान सम्मान। pic.twitter.com/0nyEeveEXm
— Ranbir Singh (@Ranbir_Crpf) June 10, 2025
इंडिगो की दिल्ली-बेंगलुरु फ्लाइट 10 जून 2025 को उड़ान भरने वाली थी. उड़ान से पहले प्लेन में फ्लाइट अटेंडेंट ने अनाउंसमेंट किया और उसके बाद नाम लेकर बीएसएफ जवान राजप्पा बीडी का सम्मान किया.
वीडियो में फ्लाइट अटेंडेंट को कहते हुए सुना जा सकता है, “इस उड़ान में एक बेहद खास यात्री का सम्मान करना हमारे लिए गौरव की बात है. 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सीमा सुरक्षा बल की 165वीं बटालियन के सहायक उप निरीक्षक राजप्पा बीडी ने जम्मू क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर भारी गोलाबारी के बीच अपने साथियों की सहायता करते हुए गंभीर रूप से चोट खाई. उनके साहसिक और निस्वार्थ काम के लिए आइए हम उनका सम्मान करें.’
इस अनाउंसमेंट के बाद बीएसएफ अधिकारी राजप्पा बीडी के सम्मान में फ्लाइट में मौजूद लोगों ने तालियां बजाई. इस बीच सैनिक राजप्पा बीडी ने हाथ जोड़कर लोगों का सम्मान स्वीकार किया.
