राहुल गांधी पर कमेंट करना इस कांग्रेस नेता को पड़ा भारी, पार्टी ने लिया यह कड़ा एक्शन

Rahul Gandhi 13 (1)

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फाइल फोटो | क्रेडिट: आईएएनएस)

The Hindi Post

नई दिल्ली | मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक और दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह पर कांग्रेस ने बड़ा एक्शन लिया है. लक्ष्मण सिंह को कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है.

यानि अब अगले 6 साल के लिए वह कांग्रेस पार्टी का हिस्सा नहीं रहेंगे. इस संबंध में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति के सदस्य (डीएसी) सचिव तारिक अनवर ने बुधवार को नोटिफिकेशन जारी किया.

इससे पहले कांग्रेस ने लक्ष्मण सिंह के बयान को लेकर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था और 10 दिनों के अंदर जवाब देने को भी कहा था. इस बयान को पार्टी लाइन से हटकर माना गया था. इसको लेकर लक्ष्मण सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था.

कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने नोटिफिकेशन जारी करते हुए बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण तत्काल प्रभाव से छह वर्ष की अवधि के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है.

मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह की फाइल फोटो / आईएएनएस

दरअसल, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के खिलाफ टिप्पणी की थी जिसके बाद कांग्रेस पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता माना और एक्शन लेते हुए उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया.

लक्ष्मण सिंह ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर सीएम उमर अब्दुल्ला पर आतंकियों से मिले होने का आरोप लगाया था. उन्होंने यहां तक कह दिया था कि कांग्रेस को नेशनल कॉन्फ्रेंस से समर्थन वापस ले लेना चाहिए.

वहीं, लक्ष्मण सिंह ने गांधी परिवार पर टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था, ”रॉबर्ट वाड्रा जीजा जी हैं राहुल जी के, उसने क्या कहा- मुसलमानों को सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देते इसलिए आतंकियों ने हमला किया. ये बचपना हम लोग कब तक झेलेंगे. राहुल गांधी सोच समझकर बात करें. वो नेता प्रतिपक्ष हैं.”

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!