भारत बनी दुनिया की नंबर 1 वनडे टीम, न्यूजीलैंड को 3-0 से हरा सीरीज पर किया कब्जा
Photo: BCCI
इंदौर | शुभमन गिल (112) और रोहित शर्मा (101) और शार्दुल ठाकुर (3/45) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने यहां होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को तीसरे और अंतिम वनडे में न्यूजीलैंड को 90 रनों से मात दे दी. इसके साथ भारत सीरीज 3-0 से जीत कर वनडे रैंकिंग में नंबर 1 बन गया. भारतीय टीम के 385/9 रनों के जवाब में न्यूजीलैंड की टीम कड़ा संघर्ष करने के बावजूद 41.2 ओवर में 295 रन ही बना गई.
न्यूजीलैंड की ओर से डेवोन कॉनवे (138) और हेनरी निकोल्स (42) ने सबसे ज्यादा रन बनाए. भारत की ओर से शार्दुल के अलावा, कुलदीप यादव ने भी तीन विकेट चटकाए. वहीं, युजवेंद्र चहल ने दो विकेट झटके, जबकि हार्दिक पांड्या और उमरान मलिक ने एक-एक विकेट लिया.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने आए शुभमन गिल और कप्तान रोहित शर्मा ने छक्के और चौके लगाकर शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 212 रनों की साझेदारी की. गिल और रोहित के अलावा, हार्दिक पांड्या ने भी अंतिम 10 ओवरों में शार्दुल ठाकुर (17 गेंदों में 25 रन) के साथ 38 गेंदों में 54 रन बनाकर महत्वपूर्ण पारी खेली.
विराट कोहली (36), ईशान किशन (17) और सूर्यकुमार यादव (14) ने शुरुआत तो तेज की, लेकिन इस स्कोर को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए. न्यूजीलैंड के लिए ब्लेयर टिकनर (3/76) और जैकब डफी (3/100), माइकल ब्रेसवेल (1/51) विकेट लेने वाले खिलाड़ी थे.
आईएएनएस
