IDF का बड़ा खुलासा: तेहरान में इस तरह ढेर हुए सर्वोच्च नेता खामेनेई
(AI Photo - ChatGPT)
IDF का बड़ा खुलासा: तेहरान में इस तरह ढेर हुए सर्वोच्च नेता खामेनेई….
इजरायल डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने रविवार को कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई राजधानी तेहरान स्थित अपने आवास के अंदर मारे गए. IDF ने जोर देकर कहा कि यह सैन्य अभियान इजरायल के खिलाफ दशकों से जारी “आतंक के अध्याय” के अंत का प्रतीक है.
इजरायली सेना ने हमले की परिस्थितियों का विवरण देते हुए कहा, “वायु सेना ने सैन्य खुफिया इकाई के सटीक खुफिया मार्गदर्शन और सहयोग से, तेहरान के मध्य में स्थित उस परिसर पर हमला किया जहां वह (खामेनेई) अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौजूद थे.”
इजरायली सेना ने खामेनेई को ईरानी “आतंकवादी शासन” के प्रमुख के रूप में वर्णित किया और उन पर इजरायल तथा पश्चिमी देशों के विरुद्ध चरमपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. सेना ने आगे यह भी आरोप लगाया कि वह (आयतुल्लाह अली खामेनेई) “कई वर्षों तक ईरानी नागरिकों के हिंसक दमन के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार थे.”
IDF ने आगे कहा, “इजराइल को बर्बाद करने की योजना के जनक थे खामेनेई. उन्होंने हिजबुल्लाह जैसे आतंकवादी संगठन के नेतृत्व में मध्य-पूर्व और इजरायल की सीमाओं तक हथियार भिजवाएं. इस शासन के नेता के रूप में खामेनेई इजरायल पर हुए आतंकी हमलों के लिए जिम्मेदार थे और उनके हाथ दुनिया भर के अनगिनत नागरिकों के खून से सने थे.”
इससे पहले रविवार को, IDF ने घोषणा की कि पिछले 24 घंटों के दौरान इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने पूरे ईरान में 1,200 से अधिक मूनिशन (गोला-बारूद) गिराए.
इजरायली सेना के अनुसार, इस निरंतर जारी आक्रामक अभियान के तहत हवाई हमलों में ईरान की सैकड़ों सैन्य संपत्तियों को निशाना बनाया गया जिनमें बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर और वायु रक्षा प्रणालियां शामिल हैं.
आईएएनएस/हिंदी पोस्ट डॉट इन
