एक ही परिवार के 18 लोगों की दर्दनाक मौत, मृतकों में नौ बच्चे भी शामिल, यह जानकारी आई सामने

cropped-Hindi_Post-removebg-preview-1.png
The Hindi Post

एक ही परिवार के 18 लोगों की दर्दनाक मौत, मृतकों में नौ बच्चे भी शामिल, यह जानकारी आई सामने

 

हैदराबाद | सऊदी अरब में मदीना के पास हुए भीषण बस हादसे में हैदराबाद के एक ही परिवार के 18 सदस्यों की मौत हो गई है. इस दर्दनाक हादसे में कुल 45 उमरा यात्रियों की जान गई है.

सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी शेख नसीरुद्दीन के परिवार की तीन पीढ़ियां इस हादसे में काल के गाल में समा गई. यह दुर्घटना उस समय हुई जब सभी यात्री रविवार रात उमरा (मिनी हज) अदा करने के बाद मक्का से मदीना लौट रहे थे.

दरअसल, मदीना से कुछ पहले यात्री बस एक डीजल टैंकर से टकरा गई. इसके बाद इसमें आग लग गई और पूरी बस जलकर स्वाहा हो गई.

हैदराबाद के विद्यानगर स्थित शेख नसीरुद्दीन के घर पर हृदयविदारक दृश्य देखने को मिले. परिवार के लोग बेहद गमगीन थे. सभी रोए जा रहे थे.

नसीरुद्दीन अपने परिवार के 18 सदस्यों के साथ 9 नवंबर को सऊदी अरब गए थे और उन्हें इस सप्ताह के अंत तक लौटना था पर उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया. मृतकों में 9 बच्चे भी शामिल है.

जान गंवाने वालों में नसीरुद्दीन (70), उनकी पत्नी अख्तर बेगम (62), बेटा सलाउद्दीन शेख (42), फराना सुल्ताना (37), सना सुल्ताना (35), अमीना बेगम (44), रिजवाना बेगम (38), शबाना बेगम (40) शामिल है.

बच्चों की पहचान – शेख जैनुद्दीन (12), रिदा तजीन (9), तस्मिया ताहरीन (3), मोहम्मद शाज़ियान अहमद (2), शेख उज़ैरुद्दीन (3), उमैजा फातिमा (5), मरियम फातिमा (6), मेहरिश फातिमा (10), हुजैफा जाफर सैयद (3) के रूप में हुई है. सबसे छोटा बच्चा सिर्फ 2 साल का था.

नसीरुद्दीन के दूसरे बेटे सिराजुद्दीन, जो अमेरिका में रहते है, परिवार के इकलौते जीवित सदस्य है. उनकी पत्नी और बच्चों का भी निधन हो गया है.

एक अन्य परिवार के 5 सदस्यों की भी इसी हादसे में मौत हुई है. जान गंवाने वाले लोगों की पहचान इरफान (38), उनकी मां सबीहा बेगम (57), पत्नी हुमैरा नजरीन (31) और दो बच्चे हमदान (6) और इजान (7) के रूप में हुई है.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!