दो बच्चों के बाप ने ऐसा क्या किया कि लड़की ने काटकर अलग कर दी उसकी जुबान……?
घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)
दो बच्चों के बाप ने ऐसा क्या किया कि लड़की ने काटकर अलग कर दी उसकी जुबान……?
कानपुर (बिल्हौर) | उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिल्हौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक युवती ने जबरदस्ती किस करने की कोशिश कर रहे शख्स की जीभ दांतों से काटकर अलग कर दी. आरोपी की पहचान दो बच्चों के पिता चंपी के रूप में हुई है जो कथित तौर पर कई दिनों से युवती का पीछा कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था.
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवती सोमवार को खेत में मिट्टी लेने गई थी. इसी दौरान आरोपी चंपी भी वहां पहुंच गया और मौका देखते ही उसने युवती के साथ जबरदस्ती किस करने की कोशिश की.
युवती ने शोर मचाया और खुद को छुड़ाने की कोशिश की लेकिन जब बच निकलना मुश्किल हो गया तो उसने हिम्मत दिखाते हुए अपने दांतों से आरोपी की जीभ काट दी. इसके बाद चंपी दर्द से चीखने लगा और खून बहने के कारण वह वहीं गिर पड़ा.
घटना के बाद युवती ने घर जाकर अपने भाइयों को पूरी बात बताई. इसी बीच आरोपी चंपी के परिजन मौके पर पहुंच गए और उल्टा युवती के भाइयों पर ही हमला करने का आरोप लगा दिया. उनका दावा था कि चंपी की जीभ युवती के भाइयों ने काटी है.
पुलिस जांच में पता चला कि यह आरोप पूरी तरह गलत है क्योंकि घटना के समय युवती के भाई गांव में मौजूद ही नहीं थे.
चंपी को गंभीर हालत में बिल्हौर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है. उसकी जीभ का काफी हिस्सा कट चुका है और डॉक्टरों के अनुसार उसे बोलने में स्थायी दिक्कत हो सकती है.
पुलिस उपायुक्त दिनेश त्रिपाठी ने अपने बयान में कहा, “बिल्हौर थाना अंतर्गत ग्राम दरियापुर में एक युवती का उसी गांव के एक व्यक्ति के साथ पूर्व में संबंध था. कल (नवंबर 17) इस व्यक्ति के द्वारा महिला का पीछा किया गया. बाद में दोनों के बीच झगड़ा होने लगा. इस सब में उस व्यक्ति की जीभ कट गई है. महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
