दिल्ली चुनाव में कैसा रहा असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM का प्रदर्शन?
असदुद्दीन औवेसी (फाइल फोटो | क्रेडिट: आईएएनएस)
दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Elections Results) के नतीजे आ चुके हैं. इस बार के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने प्रचंड जीत दर्ज की है. बीजेपी को कुल 48 सीटों पर जीत मिली है. वहीं आम आदमी पार्टी के खाते में कुल 22 सीटें गई हैं. इस चुनाव में कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई.
70 सीटों में कुछ ऐसी सीटें भी हैं जिन पर सबकी नजर है. ओखला और मुस्तफाबाद ऐसी ही दो सीटें हैं. असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने यहां उम्मीदवार उतारे हैं.
AIMIM के साथ बड़ा खेल हो गया है. एआइएमआईएम दोनों सीटें हार चुकी है. असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम दिल्ली की इन 2 सीटों पर चुनाव लड़ रही थी. मुस्तफाबाद सीट से ओवैसी की पार्टी के उम्मीदवार ताहिर हुसैन हार चुके हैं.
दिल्ली की मुस्तफाबाद विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मोहन सिंह बिष्ट ने शानदार जीत दर्ज की. उन्होंने 85,215 वोट हासिल किए और आम आदमी पार्टी (AAP) के अदील अहमद खान को 17,578 वोटों से हराया. AAP उम्मीदवार अदील अहमद खान को 67,637 वोट मिले, जबकि एआईएमआईएम (AIMIM) के मोहम्मद ताहिर हुसैन ने 33,474 वोटों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया. बात कांग्रेस की करे तो उसका प्रत्याशी चौथे स्थान पर रहा. कांग्रेस के अली मेहदी को केवल 11,763 वोट मिले. यानि कांग्रेस के प्रत्याशी को एआईएमआईएम से भी कम वोट मिले.
बात ओखला सीट की करे तो यहां से आम आदमी पार्टी के अमानतुल्लाह खान जीते है. उनको 88,943 वोट मिले. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के मनीष चौधरी को 23,639 वोटों के अंतर से हराया है. इस सीट पर भी तीसरे स्थान पर एआईएमआईएम उम्मीदवार रहा और कांग्रेस प्रत्याशी चौथे नंबर पर.
जहां एआईएमआईएम के शिफाउर्रहमान खान को 39,558 वोट मिले है, वही कांग्रेस की अरीबा खान को केवल 12,739 वोट मिले है.
