दिल दहला देने वाली वारदात: पुलिस थाने के अंदर पति ने पत्नी को मारी गोली, हुई मौत

crime police (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

दिल दहला देने वाली वारदात: पुलिस थाने के अंदर पति ने पत्नी को मारी गोली, हुई मौत

 

हरदोई जिले (यूपी) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 38 वर्षीय व्यक्ति ने पुलिस स्टेशन के भीतर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. यह वारदात पाली थाना परिसर में हुई जो जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित है. घटना के समय वहां पुलिसकर्मी मौजूद थे.

मृतका की पहचान सोनी के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, सोनी पांच दिन पहले कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी. पति अनूप ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद पुलिस ने रविवार को सोनी और उसके कथित प्रेमी को बरामद किया था. दोनों को थाने लाया गया था. इसके बाद अनूप को सूचना दी गई. वह थाने पहुंचा और थोड़ी देर के लिए अपनी पत्नी से मिला. फिर वो घर वापस लौट गया.

सोमवार को सोनी का मेडिकल परीक्षण कराया जाना था. सुबह करीब 10:45 बजे वह थाना परिसर में अपने मामा और कुछ रिश्तेदारों से बातचीत कर रही थी. इसी दौरान अनूप वहां पहुंचा. उसने कमर में देसी पिस्टल छुपाई हुई थी. अचानक उसने हथियार निकाला और बेहद करीब से सोनी पर गोली चला दी. गोली सोनी के कंधे से होकर सीने को चीरती हुई निकल गई जिससे वह मौके पर गिर पड़ी.

घटना के बाद थाने में मौजूद पुलिसकर्मी कुछ क्षणों के लिए स्तब्ध रह गए. अनूप ने भागने की कोशिश की लेकिन उसे परिसर के भीतर ही पकड़ लिया गया. सोनी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू की गई है.

घटना की गंभीरता को देखते हुए हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा मौके पर पहुंचे और लापरवाही के आरोप में जांच अधिकारी उपनिरीक्षक विक्रांत और महिला कांस्टेबल संजना राजपूत को निलंबित कर दिया. विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं. मामले की जांच अब अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) को सौंपी गई है.

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सोनी और अनूप की शादी को करीब 17 साल हो चुके थे और उनका एक 12 वर्षीय बेटा है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी थाने के भीतर हथियार कैसे दाखिल हुआ था और सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!