सास के दाह संस्कार में शामिल होने आए युवक पर मगरमच्छ ने किया अचानक किया हमला, खींच ले गया पानी की गहराई में ले, देखते रह गए लोग……

Crocodile at funeral

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo)

The Hindi Post

सास के दाह संस्कार में शामिल होने आए युवक पर मगरमच्छ ने किया अचानक किया हमला, खींच ले गया पानी की गहराई में ले, देखते रह गए लोग….

 

गोंडा | उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में सरयू नदी के तट पर एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना घटी है. यहां अपनी सास के दाह संस्कार में शामिल होने ग्रेटर नोएडा से आए एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया. वह उसे गहरे पानी में खींच ले गया. करीब 24 घंटे के सघन सर्च ऑपरेशन के बाद, गुरुवार को घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर युवक का शव बरामद हुआ. इस दुखद घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

नोएडा से कार चलाकर अंतिम विदाई देने पहुंचा था दामाद

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के सिग्मा परी चौक निवासी दीपक (30 वर्ष) की शादी करीब 7 साल पहले गोंडा के उमरी निवासी लालचंद शर्मा की बेटी रेखा से हुई थी. दीपक नोएडा की एक निजी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे और उनकी चार साल की एक मासूम बेटी भी है. बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे दीपक खुद कार चलाकर अपनी सास उर्मिला देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होने सोनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही के पास सरयू तट पर पहुंचे थे.

स्नान के दौरान अचानक हुआ हमला

चश्मदीदों के मुताबिक, मृतका का दाह संस्कार संपन्न होने के बाद परिवार के लोग और अन्य रिश्तेदार रीति-रिवाजों के तहत सरयू नदी में स्नान कर रहे थे. दीपक भी पानी में उतरे थे कि तभी नदी में छिपे एक विशालकाय मगरमच्छ ने उन पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया. मगरमच्छ दीपक को दबोचकर पलक झपकते ही गहरे पानी में समा गया और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया. नदी तट पर मौजूद लोगों में यह खौफनाक मंजर देखकर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.

SDRF की टीम ने ढूंढ निकाला शव
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर पानी में दीपक की तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फिर प्रशासन ने एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को मौके पर बुलाया. बुधवार से शुरू हुआ यह सर्च ऑपरेशन गुरुवार तक जारी रहा, जिसके बाद आखिरकार घटनास्थल से दो किमी दूर युवक का शव बरामद हो गया.

प्रभारी निरीक्षक चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस वीभत्स हादसे के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया है. पुलिस मामले में आगे की जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रही है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!