बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा की जान को खतरा, पुलिस ने चीनी महिला का स्कैच किया जारी

Dalai Lama and Chinese Woman Spy (1) (1)
The Hindi Post

गया | बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा इन दिनों बौद्ध संप्रदाय के तीर्थस्थल – बोध गया प्रवास पर हैं. इस दौरान एक चीनी महिला के बोध गया में अवैध रूप से रहने और दलाई लामा की जासूसी करने की आशंका को लेकर पुलिस ने महिला का स्केच जारी किया है.

पुलिस को चीनी महिला के स्पाई (जासूस) होने का शक है. जांच एजेंसियों द्वारा स्केच जारी करने के बाद बोध गया की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है. गया पुलिस ने संदिग्ध महिला को लेकर जांच शुरू कर दी है.

गया की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरप्रीत कौर ने गुरुवार को बताया कि गया पुलिस को यह इनपुट मिला कि यहां चीन की एक महिला रह रही है. उन्होंने कहा कि इस महिला का कोई रिकॉर्ड विदेश मंत्रालय में नहीं है. “हम इस बात से इंकार नहीं कर रहे हैं कि वह चीनी जासूस नहीं है”.

एसएसपी ने बताया कि होटल, मॉनेस्ट्री सहित कई स्थानों में जांच की जा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि चीनी महिला को लेकर जो प्रारंभिक जानकारी मिली है उसके आधार पर जांच की जा रही हैं. अभी इस चीनी महिला को ढूंढा नहीं जा सका हैं.

उन्होंने कहा कि धर्म गुरु दलाई लामा का प्रवास चल रहा है और महाबोधि मंदिर की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. इस कारण सुरक्षा बढ़ाई गई है.

इधर, सूत्रों के मुताबिक पुलिस को इनपुट आया है कि चीनी महिला, गया जिले में रह रही है. पिछले 2 साल से उसके भारत में रहने का भी इनपुट मिला है. इसे देखते हुए अलर्ट किया गया है और चीनी महिला की तलाश की जा रही है.

दलाई लामा पिछले कई दिनों से बिहार के बोध गया में प्रवास पर हैं. बौद्ध धर्मगुरु का स्थानीय कालचक्र मैदान में 29 दिसंबर से तीन दिवसीय टीचिंग (प्रवचन) कार्यक्रम है. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में देश और विदेश से धर्मावलंबियों के पहुंचने की संभावना है. इसे लेकर लोगों का बोध गया पहुंचने का सिलसिला जारी है.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!