शरद पवार-संजय राउत को मिली जान से मारने की धमकी, मचा हड़कंप

Sharad Pawar and Sanjay Raut (1)

फाइल फोटो | IANS

The Hindi Post

मुंबई | महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के दो वरिष्ठ नेताओं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना (यूबीटी) के मुख्य प्रवक्ता सांसद संजय राउत को शुक्रवार को अज्ञात लोगों से जान से मारने की धमकी मिली है.

पवार को एक ट्विटर मैसेज के माध्यम से चेतावनी दी गई है. कहा गया है कि उनका हश्र डॉ. नरेंद्र दाभोलकर (अगस्त 2013 में पुणे में गोली मार दी गई थी) के समान किया जाएगा.

उधर संजय राउत के विधायक भाई सुनील राउत को फोन करके धमकी दी गई है. फोन करने वाले ने संजय राउत को चुप रहने की चेतावनी दी है और कहा है कि ऐसा न करने पर एक महीने के भीतर उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया जाएगा.

दो बड़े नेताओं को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है.

एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने इस मामले में मुंबई पुलिस कमिश्नर विवेक फनसालकर से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने शिकायत दर्ज कराई है. वहीं राउत ने भी पुलिस को बताया है कि उन्हें धमकी मिली है.

सुले ने चेतावनी दी कि अगर उनके पिता को कुछ होता है तो राज्य के गृह विभाग (उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र गृह विभाग संभालते है ) को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाएगा.

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का ध्यान भी इस ओर आकर्षित किया. एनसीपी के कई नेताओं ने सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

गौरतलब है कि शरद पवार और संजय राउत को कांग्रेस-एनसीपी-शिवसेना (यूबीटी) एमवीए गठबंधन का मुख्य वास्तुकार माना जाता है.

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि पवार को धमकी मिलना चिंता का विषय है और उन्होंने पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!