टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में आग लगी, हादसे में एक यात्री की मौत

Fire Tata Nagar Ernakulam Express (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में आग लगी, हादसे में एक यात्री की मौत , BIG NEWS

 

विशाखापत्तनम | आंध्र प्रदेश में सोमवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया. दरअसल, टाटानगर–एर्नाकुलम जंक्शन सुपरफास्ट एक्सप्रेस की दो एसी बोगियों में आग लग गई. इस कारण एक यात्री की मौत हो गई जबकि 150 से अधिक यात्रियों ने किसी तरह जान बचाई. पुलिस के अनुसार, यह घटना अनकापल्ली जिले के येलमंचिली इलाके में हुई जो विशाखापत्तनम से करीब 66 किलोमीटर दूर है.

चलती ट्रेन में आग की लपटें और धुआं देखकर एक सतर्क यात्री ने इमरजेंसी चेन खींच दी. ट्रेन को येलमंचिली रेलवे स्टेशन पर रोका गया और तुरंत रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी गई. इसके बाद फायर ब्रिगेड को अलर्ट किया गया. मौके पर पहुंची चार दमकल गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. दमकल कर्मियों ने आग को पास की बोगियों और समानांतर ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी तक फैलने से रोका.

दोनों एसी कोच पूरी तरह जल गए है. इससे यात्रियों का सारा सामान जल गया है. अनकापल्ली के पुलिस अधीक्षक तुहिन सिन्हा ने बताया कि रात 12:40 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. तत्काल कार्रवाई के कारण बड़ी दुर्घटना टल गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. बी-1 कोच में 82 और एम-2 कोच में 75 यात्री सवार थे.

बी-1 कोच से एक शव बरामद हुआ है. मृतक की पहचान विजयवाड़ा निवासी 70 वर्षीय चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में हुई है. मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है. वही क्षतिग्रस्त कोचों को अलग कर ट्रेन को आगे एर्नाकुलम के लिए रवाना कर दिया गया. ट्रेन में दो नए एसी कोच जोड़े गए है.

आग लगने के कारणों की जांच के लिए दो फॉरेंसिक टीमें लगाई गई हैं. दक्षिण मध्य रेलवे के सेफ्टी कमिश्नर ने भी घटनास्थल का दौरा कर पुलिस अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया. हादसे के चलते इस रूट पर रेल यातायात प्रभावित रहा. गोदावरी और तिरुपति–हावड़ा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें विलंबित हुईं जबकि कुछ ट्रेनों के ठहराव अस्थायी रूप से बदल दिए गए.

By IANS/Hindi Post Web Desk

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!