एएसपी के खिलाफ रेप व गर्भपात कराने की FIR दर्ज, छात्रा की शिकायत पर हुई कार्रवाई
यूपी पुलिस में ASP के पद कर कार्यरत एक अधिकारी के खिलाफ रेप का मामला दर्ज हुआ है. लखनऊ की गोमती नगर पुलिस ने ASP राहुल श्रीवास्तव के खिलाफ एक छात्रा की शिकायत पर FIR दर्ज की है.
इसके अलावा ASP की पत्नी, चार दोस्तों व अन्य को धमकी देने का आरोपी बनाया गया है.
छात्रा के मुताबिक, उसकी राहुल श्रीवास्तव से पहचान फेसबुक के माध्यम से 2018 में हुई थी. UPSC की तैयारी कर रही छात्रा ने राहुल श्रीवास्तव से मदद मांगी थी. आरोप है कि स्टडी मटेरियल देने के लिए वह छात्रा को अक्सर बुलाता था.
छात्रा का आरोप है कि 2019 में राहुल ने स्टडी मटेरियल देने व रिसर्च वर्क कराने के बहाने एक होटल में बुलाया. यहां उसे नशीला पदार्थ पिला दिया. बेहोशी की हालत में दुष्कर्म कर अश्लील फोटो खींच ली गई. आरोप है कि उन्हीं फोटो के जरिए छात्रा को ब्लैकमेल किया गया और उससे कई बार शारीरिक संबंध बनाए.
पिछले साल अप्रैल में जब वह गर्भवती हुई तो राहुल ने एक अस्पताल में ले जाकर गर्भपात करवा दिया.
छात्रा का आरोप है कि जब मामले की जानकारी राहुल की पत्नी मनिनी श्रीवास्तव (लखनऊ विवि में शिक्षिका) को हुई तो वह और राहुल के दोस्त सौरभ, सतीश, विक्रम, सिद्धार्थ व अन्य ने मिलकर उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया. साथ ही जान से मारने की धमकी दी.
DCP पूर्वी आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि छात्रा की शिकायत पर रेप, धमकी देने और गर्भपात कराने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
