दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म निर्देशक विवेक अग्निहोत्री को पेश होने का दिया आदेश

Vivek Agnihotri (1) (1)
The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री को उसके समक्ष पेश होने का आदेश दिया है. अग्निहोत्री को कोर्ट ने 10 अप्रैल को पेश होने का निर्देश दिया है.

विवेक अग्निहोत्री दिल्ली हाई कोर्ट में पेश होकर अपने उन ट्वीट्स के लिए माफी मांगेगे जो उन्होंने उड़ीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एस मुरलीधर के खिलाफ किए थे.

पिछले साल दिसंबर में, अग्निहोत्री ने जज के खिलाफ की गई अपनी टिप्पणी के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय से माफी मांगी थी पर कोर्ट ने सुनवाई टाल दी थी. विवेक अग्निहोत्री की तरफ से कहा गया था कि वह 16 मार्च को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित रहेंगे. कोर्ट इस बात के लिए सहमत हो गया था.

हालांकि, अग्निहोत्री गुरुवार (मार्च 16) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए और उन्होंने कहा कि उन्हें बुखार है. विवेक अग्निहोत्री को बुखार होने के कारण अदालत अब इस मामले को 10 अप्रैल को सुनेगी. यानि अब विवेक को 10 अप्रैल को कोर्ट के सामने पेश होना होगा.

अग्निहोत्री ने न्यायाधीश के खिलाफ दिए अपने बयान को वापस ले लिया था और माफी मांग ली थी. इस संबंध में अग्निहोत्री की तरफ से एक हलफनामा दायर किया था. जस्टिस सिद्धार्थ मृदुल और तलवंत सिंह की खंडपीठ ने पिछली बार सुनवाई टाल दी थी.

दो न्यायाधीशों की पीठ ने कहा था, “हम अग्निहोत्री से उपस्थित (कोर्ट में हाजिर) रहने के लिए कह रहे हैं क्योंकि उन्होंने अदालत की अवमानना की है. पछतावा एक हलफनामे से व्यक्त नहीं किया जा सकता”.

अग्निहोत्री ने जस्टिस मुरलीधर के खिलाफ ट्वीट किया था. ट्वीट्स के अनुसार, अग्निहोत्री ने न्यायमूर्ति मुरलीधर के खिलाफ पूर्वाग्रह का आरोप लगाया था.

नतीजतन, निर्देशक (अग्निहोत्री) के खिलाफ अदालती अवमानना की कार्रवाई शुरू की गई थी. अग्निहोत्री के ट्वीट भीमा कोरेगांव मामले में एक अभियुक्त – गौतम नवलखा को राहत देने वाले न्यायाधीश एस मुरलीधर के संबंध में थे.

सितंबर 2022 में कोर्ट ने अग्निहोत्री के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई करने का फैसला किया था. जिसके बाद उन्होंने माफी मांगते हुए एक हलफनामा दायर किया था. अग्निहोत्री ने अपने हलफनामे में कहा था कि उन्होंने जज के खिलाफ किए ट्वीट डिलीट कर दिए थे.

हालांकि, एमाइकस क्यूरी के वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद निगम ने बताया था कि यह हो सकता है कि यह ट्वीट्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (ट्विटर) ने डिलीट किए हो न की विवेक अग्निहोत्री ने.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!