पिता की हत्या कर शव को फ्रिज में छिपाने की कोशिश, नहीं समाया तो बक्से में बंद किया; बेटी और प्रेमी गिरफ्तार

CRIME

फोटो : आईएएनएस

The Hindi Post

पिता की हत्या कर शव को फ्रिज में छिपाने की कोशिश, नहीं समाया तो बक्से में बंद किया; बेटी और प्रेमी गिरफ्तार

 

उत्तर प्रदेश के इटावा से खौफनाक वारदात सामने आई है. प्रेम संबंध का विरोध करना 55 वर्षीय श्याम सुंदर को भारी पड़ा है. आरोप है कि श्याम सुंदर की बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पिता की निर्मम हत्या कर दी.

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी का है. 55 वर्षीय सुरक्षा गार्ड श्याम सुंदर अपनी छोटी बेटी के साथ रहते थे. पुलिस के अनुसार, बेटी का अभिलाष सिंह नाम के युवक से प्रेम संबंध था जिससे उसकी मुलाकात करीब पांच महीने पहले मोबाइल रिचार्ज कराने के दौरान हुई थी. पिता द्वारा इस रिश्ते का विरोध और डांट-फटकार करने पर दोनों ने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.

आरोप है कि 21 अक्टूबर की रात दोनों ने श्याम सुंदर को खाने या चाय में नींद की गोलियां देकर बेहोश कर दिया. इसके बाद उन्हें चारपाई से बांधकर चाकू और सिलबट्टे के लोढ़े से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों ने कथित तौर पर श्याम सुंदर को चारपाई से बांधकर सिलबट्टे से हमला किया था. पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह पिता का बेटी के प्रेम संबंध का विरोध करना था.

वारदात के बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे पहले फ्रिज में रखने की कोशिश की. जब शव फ्रिज में नहीं समाया तो उसे कपड़ों और कंबल में लपेटकर एक बक्से में बंद कर दिया और घर में ताला लगाकर फरार हो गए. आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से मृतक का मोबाइल भी नाले में फेंक दिया था.

तीन दिन बाद घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर बक्से से शव बरामद किया और फॉरेंसिक जांच के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी अभिलाष सिंह को ग्राम सराय ऐसर के पास से गिरफ्तार कर लिया है. दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!