नेता के घर रेड डालने गई ED की टीम पर हमला, सुरक्षा बलों की गाड़ियों में तोड़फोड़

ED team attacked in West Bengal

ED अधिकारियों की वो गाडी जिसे तोड़ा गया (फोटो: आईएएनएस)

The Hindi Post

पश्चिम बंगाल के नार्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली में शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के एक नेता के घर पर छापेमारी करने और तलाशी लेने पहुंची प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पर हमला हो गया. इस दौरान ED के अधिकारियों की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई.

बता दे कि ED के अधिकारी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता शेख साजहान, जो पेशे से राशन डीलर भी हैं, के आवास पर पहुंचे थे. उन्होंने साजहान के घर में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन तभी बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें घेर लिया. वे ED की कार्रवाई का विरोध कर रहे थे.

साजहान के घर पर ताला लगा हुआ था. जैसे ही ED के अधिकारियों ने भीड़ को नजरअंदाज कर उस ताले को तोड़ने की कोशिश की, मौके पर इक्कठा लोगों ने ED के अधिकारियों के साथ-साथ केंद्रीय बलों के जवानों का जबरदस्त विरोध कर दिया.

चूंकि स्थानीय लोगों की संख्या केंद्रीय बलों के जवानों से कहीं अधिक थी, इसलिए जवान पीछे हट गए. लेक‍िन इसके बाद भी विरोध का क्रम रुका नहीं. स्थानीय लोगों ने लाठियों, ईंटों और पत्थरों की मदद से केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों को खदेड़ना शुरू कर दिया.

ED अधिकारियों की गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए गए. अब इलाके में भारी तनाव व्याप्त है. ED अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दी है.

ED के अधिकारियों की एक अन्य टीम ने नार्थ 24 परगना जिले में बनगांव नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष शंकर आध्या के ससुराल वालों के घर पर भी छापा मारा.

सजहान और आध्या दोनों पश्चिम बंगाल के पूर्व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक के करीबी विश्वासपात्र माने जाते हैं. ज्योतिप्रिय मलिक को राशन वितरण मामले में पिछले साल अक्टूबर में गिरफ्तार किया था. उन्हें ED ने अरेस्ट किया था.

ED अधिकारियों की तीसरी टीम शुक्रवार सुबह से दक्षिण कोलकाता के बिजॉयगढ़ स्थित एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के घर पर छापेमारी कर रही है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!