सोनू सूद, उर्वशी रौतेला और युवराज सिंह की करोड़ों की संपत्ति अटैच, किसने लिया यह एक्शन, क्या है यह मामला ?
पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह (फाइल फोटो | फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)
सोनू सूद, उर्वशी रौतेला और युवराज सिंह की करोड़ों की संपत्ति अटैच, किसने लिया यह एक्शन, क्या है यह मामला ?
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध बेटिंग ऐप (1x बेट) केस में बड़ा एक्शन लिया है. कार्रवाई करते हुए कई फिल्मी सितारों और पूर्व क्रिकेटर्स की करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त कर ली गई है. जिन सितारों की संपत्ति जब्त की गई है उनमें एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला, एक्टर सोनू सूद, मिमी चक्रवर्ती, पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह, रोहिन उथप्पा, अंकुश हजारा और नेहा शर्मा शामिल हैं. लंबे समय से इन सभी का नाम अवैध बेटिंग ऐप के प्रचार से जुड़ रहा है. अब इन सभी की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं.
सूत्रों के मुताबिक युवराज सिंह की 2.5 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है. रोबिन उथप्पा- 8.26 लाख, उर्वशी रौतेला- 2.02 करोड़ (ये संपत्ति इनकी मां के नाम पर थी), सोनू सूद- 1 करोड़, मिमी चक्रवर्ती- 59 लाख, अंकुश हजारा- 47.20 लाख और नेहा शर्मा की 1.26 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त हुई है. ईडी की आज की इस कार्रवाई में टोटल 7.93 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है.
इससे पहले भी इसी मामले में ED ने शिखर धवन की 4.55 करोड़ की और सुरेश रैना की 6.64 करोड़ की संपत्ति जब्त की थी. वहीं अब एक बाप फिर से ईडी ने एक्शन लिया है. अब तक ED 1x बेट मामले में 19.07 करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुकी है. इन सभी सितारों पर इस अवैध बेटिंग ऐप के प्रचार से जुड़े होने का आरोप है.
1x बेटिंग ऐप मामला लंबे समय से चल रहा है. ऐसे और भी कई बेटिंग ऐप हैं, जिनपर लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है. लगातार इस मामले में खबर आ रही थी कि जिन-जिन सितारों पर इन ऐप से जुड़े होने का आरोप है उनसे ईडी पूछताछ कर रही है.
पहले सुरेश रैना, युवराज सिंह और सोनू सूद समेत और भी कई स्टार्स से घंटों तक ईडी ने पूछताछ की थी. वहीं अब बड़ी कार्रवाई करते हुए सितारों की संपत्ति जब्त कर ली की गई है. अभी भी इस मामले की जांच चल रही है. देखना होगा कि आगे इस मामले में और क्या कुछ जानकारी सामने निकलकर आती है.
क्या है पूरा मामला?
ED की जांच में सामने आया कि 1xBet और इसके दूसरे ब्रांड्स जैसे 1xBat और Sporting Lines भारत में बिना किसी अनुमति के ऑनलाइन बेटिंग और जुए का धंधा चला रहे थे. जांच में पता चला कि इन सितारों ने विदेशी कंपनियों से विज्ञापन की डील की थी और सोशल मीडिया के जरिए प्रमोट किया था.
