“एक दिन हम सबको मरना है…”, प्रवचन दे रहे पादरी पर अचानक गिरा दीवार पर टंगा क्रूस, मौके पर ही हुई मौत

ecuador Priest Killed (1)

वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब

The Hindi Post

“एक दिन हम सबको मरना है…”, प्रवचन दे रहे पादरी पर अचानक गिरा दीवार पर टंगा क्रूस, मौके पर ही हुई मौत

 

दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. गुआयाकिल शहर के ‘चर्च ऑफ अवर लेडी ऑफ परपेचुअल हेल्प’ में रविवार की विशेष प्रार्थना (मास) के दौरान दीवार पर लगा भारी क्रूसिफ़िक्स (ईसा मसीह की सूली) अचानक पादरी के सिर पर आ गिरा जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. यह दर्दनाक घटना उस समय घटी जब प्रार्थना का सीधा प्रसारण (लाइवस्ट्रीम) चल रहा था.

गुआयाकिल के आर्चडायसीज के अनुसार, मृतक पादरी की पहचान पैट्रिसियो अल्फ्रेडो सांचेज मोलिनारी के रूप में हुई है. फुटेज में देखा गया कि फादर मोलिनारी वेदी के पीछे खड़े होकर श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान उनके ठीक पीछे दीवार पर टंगा बड़ा क्रूस अचानक आगे की ओर झुककर सीधे उनके सिर के पिछले हिस्से पर आ गिरा. चोट इतनी गंभीर थी कि वह तुरंत अचेत होकर गिर पड़े. चर्च में मौजूद श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई और लोगों ने आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलाई लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

हादसे से कुछ पल पहले ही दिया था जीवन की नश्वरता पर संदेश

एक दर्दनाक संयोग यह रहा कि हादसे से ठीक पहले फादर मोलिनारी श्रद्धालुओं को जीवन की नश्वरता और मृत्यु की अनिवार्यता समझा रहे थे. अपने प्रवचन में उन्होंने लोगों से अपील की थी कि वे मोबाइल फोन स्क्रॉल करने में अपना कीमती समय बर्बाद न करें, बल्कि ईश्वर और अपनों के साथ वक्त बिताएं. उन्होंने कहा था, “एक दिन हम सभी को मरना है. कई बार जिन सांसारिक चीजों में हम समय बिताते हैं, उनका कोई मोल नहीं होता; असली मूल्य ईश्वर के साथ बिताए गए समय का है.” यह प्रवचन खत्म कर जैसे ही उन्होंने अगली प्रार्थना शुरू की, यह भयावह हादसा हो गया.

चर्च प्रशासन और श्रद्धालुओं ने फादर मोलिनारी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. वहीं, दीवार से इतना भारी क्रूस अचानक कैसे उखड़कर गिरा, इसकी जांच की जा रही है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!