हमले से पहले ‘कांपा’ पाकिस्तान, भूकंप के झटकों से खौफ में लोग, रिक्टर स्केल पर इतनी रही तीव्रता….
सांकेतिक तस्वीर | हिंदी पोस्ट
इस्लामाबाद | पाकिस्तान में सोमवार को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई. भूकंप दोपहर 4:00 बजे के करीब आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई.
राष्ट्रीय भूकंप केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र पाकिस्तान के उत्तरी क्षेत्र में, 36.60 डिग्री उत्तर अक्षांश और 72.89 डिग्री पूर्व देशांतर पर स्थित था. भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की गई. झटके इतने तेज थे कि लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए.
हालांकि, अभी तक किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. नागरिकों से संयम बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की गई है.
इससे पहले पाकिस्तान में 12 अप्रैल को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे. रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.8 मापी गई थी. भूकंप के झटके जम्मू-कश्मीर में भी महसूस किए गए थे.
बताया गया था कि 12 अप्रैल को दोपहर करीब एक बजे 33.63 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 72.46 डिग्री पूर्वी देशांतर पर रिक्टर पैमाने पर 5.8 तीव्रता का भूकंप आया था.
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान में भूकंप ने काफी तबाही मचाई है. 8 अक्टूबर, 2005 को सुबह 8.50 बजे रिक्टर पैमाने पर 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के मुजफ्फराबाद में था. इसमें नियंत्रण रेखा (एलओसी) के दोनों तरफ 80,000 से अधिक लोग मारे गए थे. अफगानिस्तान, ताजिकिस्तान, भारत और झिंजियांग क्षेत्र में भी झटके महसूस किए गए थे.
यह दशक की पांचवीं सबसे घातक प्राकृतिक आपदा थी. सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान में इस भूकंप में मरने वालों की आधिकारिक संख्या 73,276 से 87,350 के बीच थी, जबकि कुछ अनुमानों के अनुसार मृतकों की संख्या 1,00,000 से भी ज्यादा थी.
भारत में 1,360 लोग मारे गए, जबकि 6,266 लोग घायल हुए. अफगानिस्तान में चार लोगों की मृत्यु हुई.
2005 के भूकंप में साढ़े तीन लाख लोग बेघर हो गए, लगभग 1,38,000 लोग घायल हुए थे.
