“तुम्हारे पिताजी का देश नहीं है यह….”, भड़क गए अरविन्द केजरीवाल, किसके लिए कही यह बात

Arvind Kejriwal Sep 28 (1)
The Hindi Post

“तुम्हारे पिताजी का देश नहीं है यह….”, भड़क गए अरविन्द केजरीवाल, किसके लिए कही यह बात

 

दिल्ली में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के कथित ‘थप्पड़ कांड’ और सड़कों की गुणवत्ता को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारतीय जनता पार्टी पर चौतरफा हमला बोल दिया है. AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंत्री को तुरंत बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग की है. वहीं AAP नेता सौरभ भारद्वाज पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विकासपुरी थाने पहुंचे और प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की.

क्या है पूरा मामला?

रविवार को दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा तिलक नगर इलाके में नव-निर्मित सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे. निरीक्षण के दौरान साहिब सिंह नाम का युवक वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था. इसी दौरान प्रवेश वर्मा ने युवक को थप्पड़ मार दिया. घटना के बाद मौके पर भारी हंगामा हुआ.

थप्पड़ कांड पर सफाई देते हुए प्रवेश वर्मा ने रविवार को कहा था कि AAP विधायक जरनैल सिंह के एक कार्यकर्ता ने जब उनके परिवार को गाली देना शुरू किया तो आवेश में आकर उन्होंने वही किया जो कोई भी व्यक्ति करता.

‘हाथ से उखड़ रही सड़क, बड़े पैमाने पर हुआ भ्रष्टाचार’: केजरीवाल

सोमवार को विकासपुरी पहुंचे अरविंद केजरीवाल ने सड़क का मुआयना करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “अभी कुछ दिन पहले यह सड़क बनी है और हाथ से यह सड़क उखड़ रही है. इस तरह की सड़क हमने तो आज तक दिल्ली में बनते हुए नहीं देखी. दूर-दराज के इलाकों में हमने सुना था कि ऐसी सड़कें बनती है. दिल्ली देश की राजधानी है. हमने भी दिल्ली में 10 साल सरकार चलाई है, इस तरह की सड़क कभी नहीं बनी. आम आदमी पार्टी की सरकार के टाइम बनी सड़कों की पांच साल की गारंटी होती थी. तो जाहिर तौर पर इसमें बहुत ज्यादा भ्रष्टाचार हुआ है. पैसा कहा तक गया इसकी जांच होनी चाहिए. दुख की बात यह है कि कल जब मंत्री जी सड़क का निरीक्षण करने आए और लोगों ने उनको सड़क दिखाई तो उन्होंने साहिब सिंह को खींच कर थप्पड़ मारा. मैं उनको कहना चाहता हूं यह तुम्हारे पिताजी का देश नहीं है. इस तरह से तुम लोगों को थप्पड़ नहीं मार सकते. यह देश 140 करोड़ लोगों का है.”

इसके बाद केजरीवाल ने कहा, “मोदी जी रात के 12 बजे रील बनाते है, मोदी जी भजन क्लबिंग में जाते है, कहते है मैं जेन जी के साथ रिश्ता… अरे जेन जी को थप्पड़ मारोगे तुम, इसलिए तो जेन जी तुमसे इतना नाराज है. मैं आज मांग करता हूं कि मंत्रीजी को बरखास्त कीजिए, उन्हें गिरफ्तार कीजिए और जनता से माफी मांगिए और जिन लोगों ने यह भ्रष्टाचार किया है उन्हें जेल भेजा जाए.”

थाने में आप का प्रदर्शन, एफआईआर की मांग

थप्पड़ कांड के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने थाने पर मोर्चा खोल दिया है. AAP दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ विकासपुरी थाने में डीसीपी के पास पहुंचे हैं और पुलिस से मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती, कार्यकर्ता थाने के बाहर डटे रहेंगे.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!