शाहरुख के NGO ने की अंजलि के परिवार की आर्थिक मदद
मुंबई | बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के एनजीओ मीर फाउंडेशन ने दिल्ली दुर्घटना की पीड़िता अंजलि सिंह के परिवार की आर्थिक मदद की है. लेकिन, मदद के तौर पर कितने रुपये दिए हैं इसका खुलासा नहीं किया गया है.
एक बयान के मुताबिक, “शाहरुख खान के मीर फाउंडेशन ने अंजलि सिंह के परिवार को एक अघोषित राशि दी है. 20 वर्षीय अंजलि ने दिल्ली के कंझावला में हुई हिट एंड रन की घटना में अपनी जान गंवा दी थी. मीर फाउंडेशन द्वारा सहायता देने का उद्देश्य अंजलि के भाई-बहनों को पर्याप्त राहत प्रदान करते हुए परिवार, विशेष रूप से उनकी मां की मदद करना है.”
मीर फाउंडेशन शाहरुख के पिता मीर ताज मोहम्मद खान के नाम पर एक परोपकारी फाउंडेशन है, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर बदलाव लाना है और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम करना है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
