दिल्ली के न्यायिक अधिकारी की संदिग्ध खुदकुशी: ग्रीन पार्क स्थित घर के बाथरूम में लटका मिला शव
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
दिल्ली के न्यायिक अधिकारी की संदिग्ध खुदकुशी: ग्रीन पार्क स्थित घर के बाथरूम में लटका मिला शव
दिल्ली न्यायिक सेवा (DJS) के एक अधिकारी का शव उनके घर में मिला है. उनका निवास दक्षिण दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में स्थित है. मृतक अधिकारी उत्तर-पूर्वी जिले में जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव थे. पुलिस के अनुसार, यह संदिग्ध आत्महत्या का मामला लग रहा है.
पुलिस ने बताया कि तीस वर्षीय अमन कुमार शर्मा का शव शनिवार को बाथरूम में फंदे से लटका मिला. पुलिस को अंदेशा है कि अमन ने आत्महत्या की है. पुलिस ने कहा कि मृतक अधिकारी की पत्नी भी न्यायिक अधिकारी हैं. पुलिस अधिकारी के अनुसार, महिला अधिकारी का बयान दर्ज किया जा रहा है.
पुलिस के अनुसार, घटना का पता तब चला जब अमन शर्मा के रिश्तेदार शिवम ने दोपहर करीब 1:45 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. शिवम ने पुलिस को बताया कि अमन कुमार शर्मा ने सुसाइड कर लिया है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती तौर पर यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. इसके बावजूद, पुलिस हर संभावित पहलू से जांच कर रही है.
सफदरजंग एन्क्लेव पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि अमन शर्मा के फोन और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, अमन शर्मा के द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर लिया गया है और इनका विशेषज्ञों द्वारा विश्लेषण किया जा रहा है.
पुलिस ने बताया कि मृतक के घर के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है.
इस जांच का मुख्य उद्देश्य यह देखना है कि क्या उस समय कोई बाहरी व्यक्ति घर आया था या अमन के साथ कोई और मौजूद था.
पुलिस अमन के पड़ोसियों और उनके साथ काम करने वाले अधिकारियों के बयान भी दर्ज कर रही है. पुलिस यह जानना चाहती है कि अमन शर्मा ने कथित तौर पर क्यों सुसाइड किया.
By IANS
