मौत का तांडव: पहले दो बाइकों की भिड़ंत, फिर कार ने सड़क पर खड़े लोगों को कुचला, 8 की मौत
सांकेतिक तस्वीर (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)
मौत का तांडव: पहले दो बाइकों की भिड़ंत, फिर कार ने सड़क पर खड़े लोगों को कुचला, 8 की मौत
यूपी के अंबेडकरनगर में रविवार रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ जिसमें दो सगे भाइयों सहित कुल आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 17 किमी दूर जलालपुर क्षेत्र के अशरफपुर भुवा भट्ठे के पास रात करीब 12 बजे घटी.
इस हादसे की शुरुआत दो मोटरसाइकिलों (बुलेट और स्प्लेंडर) की आमने-सामने की भिड़ंत से हुई. इस टक्कर में लोरपुर ताजन निवासी कैफी और शादी समारोह से लौट रहे दो सगे भाई, आदित्य और दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गए. चीख-पुकार सुनकर आसपास के पांच युवक—लालचंद्र, उत्तम, राजू गुप्ता, साहिल और इंद्रेश—घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े.
मददगारों पर काल बनकर टूटी कार
जब ये पांचों युवक घायलों को सड़क किनारे ले जाकर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बेकाबू स्विफ्ट डिजायर कार आई और वहां मौजूद सभी लोगों को रौंदते हुए गड्ढे में जा गिरी. हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सीएचसी जलालपुर पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया. दो अन्य घायलों ने टांडा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
शोक में डूबा इलाका
मृतकों की पहचान कैफी (32), उत्तम कुमार (24), आदित्य कुमार (25), दिव्यांशू (22), लालचंद (24), राजू गुप्ता (32), साहिल (28) और इंद्रेश (30) के रूप में हुई है. पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, विशेषकर उन परिवारों को जिन्होंने दूसरों की जान बचाने की कोशिश में अपने बेटों को खो दिया.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
