आ रहा एक और चक्रवाती तूफान, इन राज्यों में होगी बहुत भारी बारिश
आ रहा एक और चक्रवाती तूफान, इन राज्यों में होगी बहुत भारी बारिश
नई दिल्ली | बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली तेजी से मजबूत हो रही है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह एवं अंडमान सागर के ऊपर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र अगले कुछ घंटों में अवदाब और उसके बाद चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है. इसके 2 नवंबर की शाम तक आंध्र प्रदेश तट के निकट पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पहुंचने की संभावना है.
आईएमडी के मुताबिक, 31 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे यह प्रणाली दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित थी. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए अगले 24 घंटों के भीतर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है. इसके प्रभाव से दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 2 नवंबर को कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. वहीं 3 नवंबर को भी कई इलाकों में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है.
इसके अलावा रायलसीमा में 2 और 3 नवंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है और ओडिशा में 3-4 नवंबर को बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है. 3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ थंडरस्क्वॉल (आंधी) आने की संभावना है.
चक्रवाती प्रणाली के प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 6 नवंबर तक रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है. केरल और माहे में 1 से 4 नवंबर के बीच भारी बारिश का अनुमान है. तेलंगाना, तटीय कर्नाटक और आंतरिक कर्नाटक के कई हिस्सों में 2 से 5 नवंबर तक मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है. कई क्षेत्रों में गरज-चमक और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने का अनुमान है. पूर्वी भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा.
ओडिशा में 2 नवंबर को भारी तथा 3-4 नवंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है. झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में 31 अक्टूबर को व्यापक वर्षा दर्ज होने की संभावना है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी मौसम का प्रभाव दिखाई देगा.
छत्तीसगढ़ में 3 और 4 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी एवं पश्चिमी मध्य प्रदेश में 4 नवंबर तक बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 1 और 2 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग ने समुद्र में ऊंची लहरें और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मछुआरों को सतर्क रहने तथा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को मौसम संबंधी ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है. प्रशासन को भी संभावित भारी वर्षा और तेज हवाओं से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां करने को कहा गया है.
फिलहाल सभी की नजर बंगाल की खाड़ी में बन रही इस प्रणाली पर है, जो अगले 48 घंटों में एक शक्तिशाली चक्रवाती तूफान का रूप लेकर दक्षिण-पूर्वी तटों के लिए चुनौती बन सकती है.
By IANS
बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट
