कांस्टेबल की मां का हाथ काटने का मामला : ITBP के 40-50 हथियारबंद जवान अपने उच्च अधिकारी के साथ पहुंचे कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ऑफिस, मचा हड़कंप, VIDEO
वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब
कांस्टेबल की मां का हाथ काटने का मामला : ITBP के 40-50 हथियारबंद जवान अपने उच्च अधिकारी के साथ पहुंचे कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ऑफिस, मचा हड़कंप, VIDEO
कानपुर | उत्तर प्रदेश के कानपुर में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के करीब 40-50 हथियारबंद जवान कई गाड़ियों में भरकर अचानक पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय पहुंच गए.
दरअसल, महाराजपुर स्थित 32वीं बटालियन में तैनात आईटीबीपी कांस्टेबल विकास सिंह की मां निर्मला देवी को 13 मई को सांस की तकलीफ के कारण टाटमिल के कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया था. विकास का आरोप है कि डॉक्टरों की घोर लापरवाही के चलते महिला के हाथ में गंभीर संक्रमण फैल गया था जिसके बाद 17 मई को एक अन्य अस्पताल में डॉक्टरों को उनका हाथ काटना पड़ा था.
पीड़ित जवान विकास इंसाफ के लिए भटकता रहा और 20 मई को अपनी मां का कटा हुआ हाथ लेकर पुलिस कमिश्नर दफ्तर भी पहुंचा था. आरोप है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉक्टरों को बचाने के लिए गोलमोल जांच रिपोर्ट दे रहे थे. परेशान होकर जवान ने पूरी बात अपने अधिकारियों को बताई, जिससे साथी जवानों का गुस्सा भड़क गया.
बड़ी खबर-
कानपुर पुलिस कमिश्नरेट को घेरे हुए ITBP के जवान।
साथी जवान विकास सिंह की माँ के कटे हाथ के मामले में प्रशासन की लचर कार्रवाई से आहत जवानों ने आज कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ही घेर लिया।
अब पता चला है कि तेज़ी से कार्रवाई हो रही है।
प्रशासनिक व्यवस्था एकदम से जागी है,… pic.twitter.com/uei8C9MsDN
— abhishek upadhyay (@upadhyayabhii) May 23, 2026
शनिवार सुबह 11:15 बजे आईटीबीपी के कमांडेंट गौरव प्रसाद जवानों के साथ सीधे कमिश्नर कार्यालय पहुंचे. अचानक भारी संख्या में बल देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए. हालांकि, पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने हथियारबंद जवानों के साथ आने पर नाराजगी जताते हुए कमांडेंट को फटकार भी लगाई. यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स में दी गई है.
इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने तुरंत सीएमओ को तलब किया और ढुलमुल रिपोर्ट देने के लिए उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए मामले को राज्य कमेटी को भेजने की चेतावनी दी. जेसीपी (कानून व्यवस्था) डॉ. विपिन कुमार ताडा ने कमांडेंट, सीएमओ और पीड़ित जवान के साथ बैठक कर मामले में सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
