संसद परिसर में कुत्ता लेकर पहुंची कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी, बोली – “यह काटता नहीं है….”

Renuka Chowdhary (1) (1)
The Hindi Post

संसद परिसर में कुत्ता लेकर पहुंची कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी, बोली – “यह काटता नहीं है….”

 

संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार को हंगामेदार रहा. इस बीच संसद परिसर में एक असामान्य दृश्य देखने को मिला. दरअसल, कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी एक डॉगी के साथ सांसद भवन परिसर पहुंची थी. मीडियाकर्मियों ने उनसे डॉगी को संसद में लाने का कारण पूछा. इस पर उन्होंने जवाब दिया, “गूंगा जानवर अंदर आ गया तो क्या दिक्कत है? यह किसी को नहीं काटता. काटने वाले तो और लोग हैं जो संसद के अंदर है.”

उन्होंने आगे कहा कि उनके कुत्ते से कोई सुरक्षा खतरा नहीं है और उसे लेकर विवाद खड़ा करना अनावश्यक है.

दूसरी ओर, भाजपा ने इस घटना को गंभीर बताया और कार्रवाई की मांग की. भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि रेणुका चौधरी ने सांसदों को दिए गए विशेषाधिकारों का दुरुपयोग किया है.

उन्होंने कहा, “संसद देश की नीतियों पर चर्चा का स्थान है. वहां पालतू जानवर लाना नियमों का उल्लंघन है. ऐसी हरकत देश को शर्मसार करती है, उन पर कार्रवाई होनी चाहिए.”

बाद में कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने बताया कि संसद के लिए आते हुए रास्ते में उन्होंने इस कुत्ते को अडॉप्ट किया है. उन्होंने कहा, “क्या प्रोटोकॉल है? क्या इस बारे में कोई नियम है.”

उन्होंने कहा, “संसद भवन आ रही थी. मैंने एक जगह इस डॉगी को देखा. मुझे डर था कि यह किसी दुर्घटना का शिकार हो सकता है. मैंने उसे उठाया और कार में लेकर यहां आ गई. इसके बाद मैंने उसे घर भेज दिया. आखिर किसी की जान बचाने पर कोई कैसे आपत्ति कर सकता है?”

उन्होंने सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जो लोग काटने वाले हैं, संसद में बैठे हैं. सरकार चला रहे हैं. इन लोगों से कोई समस्या नहीं है? अगर मैं किसी जानवर का ख्याल रखती हूं तो यह चर्चा का विषय बन जाता है. सांसद ने आगे फिर दावा किया कि उन्होंने पूर्व में भी कई कुत्तों को गलियों से अडॉप्ट किया है.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!