भारी पुलिस बल के बीच जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी, ‘हिट’ स्प्रे लेकर प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचा शख्स फिर….

ABHIJEET DIPKE

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करते कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया / एक्स)

The Hindi Post

भारी पुलिस बल के बीच जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी, ‘हिट’ स्प्रे लेकर प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचा शख्स फिर….

 

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके शनिवार को ‘जय भीम’ के नारों के बीच जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए. कॉकरोच जनता पार्टी प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और नीट-यूजी पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर यह प्रदर्शन कर रही है.

अभिजीत दिपके अमेरिका के बोस्टन से शनिवार सुबह नई दिल्ली पहुंचे. इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सैकड़ों युवाओं ने उनका स्वागत किया. दिपके भारी सुरक्षा के बीच जंतर-मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए. अभिजीत दिपके का कहना है कि नीट-यूजी पेपर लीक समेत विभिन्न परीक्षा संबंधी विवादों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है और इसके लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा.

कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक शख्स ‘हिट’ स्प्रे लेकर जंतर-मंतर पहुंचा. उसने सीजेपी को ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का विस्तार बताया. इस दौरान सीजेपी समर्थकों और शख्स के बीच मामूली कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर शख्स को वहां से हटा दिया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया. भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा.


जंतर-मंतर के आसपास बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी एकत्र हुए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई. सीजेपी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें प्रदर्शनकारियों ने कहा, ‘हमने शिक्षा मंत्री को चुना और वहां भेजा है. उनका वेतन हमारे टैक्स के पैसे से जाता है. उनके कार्यकाल में करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकार में चला गया है. कॉकरोच आ रहे हैं, धर्मेंद्र प्रधान जा रहे हैं.’

कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक अभियान के रूप में हुई थी. यह कैंपेन भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की युवाओं के एक विशेष समूह को ‘कॉकरोच’ बताने संबंधी टिप्पणी के बाद चर्चा में आया था. इसके बाद सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी को व्यापक समर्थन मिला. दिल्ली पुलिस ने शनिवार को सीजेपी को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की अनुमति दे दी. पुलिस को उसी दिन सीजेपी की ओर से औपचारिक अनुरोध प्राप्त हुआ था, जिसके बाद जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की मंजूरी दी गई.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!