हाईटेंशन तार की चपेट में आने से बस में लगी आग, पांच लोगों की मौत, VIDEO

Ghazipur (1)
The Hindi Post

गाजीपुर | उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में बड़ी घटना घटी है. यहां एक निजी बस हाईटेंशन तार की चपेट में आई गई. इससे बस में आग लग गई. आग इतनी भयानक थी कि बस जलकर राख हो गई है. हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है. जबकि, कई लोग झुलस गए हैं. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

हादसे का शिकार हुई बस बरातियों से भरी बताई जा रही है.

यूपी राहत कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को गाजीपुर जिले में एक बस हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई और उसमें आग लग गई. जिस कारण पांच लोगों की मौत हो गई है. मौतों का आंकड़ा अभी बढ़ सकता है. बस मऊ से एक वैवाहिक कार्यक्रम में जा रही थी.

जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे हैं. एसपी ने बताया कि गाड़ी जनपद से बाहर की है. यह घटना कैसे हुई है इसके बारे में पता लगाया जा रहा है.

पुलिस अधीक्षक ने कहा, “एक बस मऊ जिले से यहां आ रही थी. यह वाहन हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया और बाद में इसमें आग लग गई. पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है और 5 अन्य गंभीर रूप से घायल है. घायल लोगों का इलाज चल रहा है. इस घटना में कुल 10 लोग घायल हुए है.”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. झुलसे लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है.

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!