लातेहार में युवक ने मुंह में डायनामाइट रख खुद को उड़ाया
प्रतीकात्मक इमेज (हिंदी पोस्ट)
रांची | झारखंड के लातेहार जिला अंतर्गत गारू थाना क्षेत्र के कोरवा टोली गांव में डायनामाइट के विस्फोट से एक युवक की मौत हो गई. कुछ लोगों का कहना है कि उसने मुंह में डायनामाइट रखकर खुद को जानबूझकर उड़ा लिया, जबकि युवक के घर को लोग इसे हादसा बता रहे हैं.
मृतक का नाम चलित्तर सिंह है. वह मनिका थाना क्षेत्र के दुंदु गांव का रहने वाला था और पिछले दो-तीन हफ्तों से कोरवा टोली में अपनी ससुराल में रह रहा था. चलित्तर सिंह पत्थर खदान में मजदूरी करता था और डायनामाइट संभवत: वो वहीं से लेकर आया था. बताया जा रहा है कि पत्नी और ससुराल के लोगों से विवाद के बाद उसने मुंह में डायनामाइट रखा और मोबाइल की बैटरी के जरिए विस्फोट कर लिया.
मृतक की सास रामकली देवी का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से अजीबोगरीब हरकत कर रहा था. सोमवार को उसने अपने बैग से निकालकर मुंह में कुछ रखा. हमलोग कुछ समझ पाते, इसके पहले जोरदार धमाका हुआ और उसकी मौत हो गई.
बता दें कि डायनामाइट का उपयोग पत्थर और लोहे की खदानों में खनन के दौरान विस्फोट के लिए किया जाता है. निजी तौर पर इसका उपयोग प्रतिबंधित है. पुलिस ने मृतक की लाश बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजी है. मामले की जांच की जा रही है.
आईएएनएस
