लापता सब-इंस्पेक्टर अजय गौड़ का शव सरयू नदी से बरामद, जांच शुरू
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
लापता सब-इंस्पेक्टर अजय गौड़ का शव सरयू नदी से बरामद, जांच शुरू
बस्ती जिले (यूपी) के परशुरामपुर थाने में कार्यवाहक थाना प्रभारी के रूप में तैनात सब-इंस्पेक्टर अजय गौड़ की रहस्यमयी गुमशुदगी का अंत एक बेहद हृदयविदारक घटना के साथ हुआ. बीते 5 फरवरी से लापता अजय गौड़ का शव रविवार शाम अयोध्या की सीमा पर सरयू नदी में वर्दी पहने हुए उतराता मिला. इस सनसनीखेज बरामदगी के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है.
2015 बैच के उपनिरीक्षक अजय गौड़ उस समय चर्चा में आए जब शुक्रवार को उनकी मोटरसाइकिल कुआनो नदी के अमहट पुल के पास लावारिस हालत में मिली थी. तभी से एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी थीं. रविवार को अयोध्या के तिहुरा मांझा इलाके के पास एक मल्लाह ने नदी में शव देखा. इसके बाद जल पुलिस ने रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला. हालांकि, शव मिलने के स्थान को लेकर अयोध्या और बस्ती पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार का पेंच फंसा हुआ है क्योंकि घटनास्थल दोनों जिलों की सीमा के निकट है.
फिलहाल, अयोध्या और बस्ती दोनों जिलों के उच्चाधिकारी मौके पर मौजूद हैं और परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है ताकि शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा सके.
Hindi Post Dot In
