मोबाइल पर पबजी खेलने के दौरान 22 साल के युवक की फटी दिमाग की नस, हुई मौत, मचा कोहराम
प्रतीकात्मक इमेज
मोबाइल पर पबजी खेलने के दौरान 22 साल के युवक की फटी दिमाग की नस, हुई मौत, मचा कोहराम
मोबाइल पर ऑनलाइन गेमिंग की लत अब केवल मानसिक स्वास्थ्य के लिए खतरा नहीं, बल्कि जानलेवा साबित होने लगी है. गाजियाबाद में ‘कोरियन ड्रामा गेम’ के प्रभाव में तीन बहनों द्वारा नौवीं मंजिल से कूदने की घटना के बाद, अब मेरठ से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है. यहां खैरनगर निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद कैफ की पबजी (PUBG) गेम खेलते समय ब्रेन हेमरेज होने से मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
मृतक कैफ के पिता, जो पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं, ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार को कैफ अपने ऑफिस में मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेल रहा था. कान में लीड लगाकर गेम में पूरी तरह डूबे कैफ का ब्लड प्रेशर अचानक इतना बढ़ गया कि वह कुर्सी से बेहोश होकर नीचे गिर पड़ा. आनन-फानन में उसे स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पाया कि उसका बीपी 300 के पार पहुंच चुका था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया.
सफदरजंग अस्पताल में दो दिनों तक चले सघन उपचार के बाद भी कैफ को बचाया नहीं जा सका और रविवार सुबह उसकी मृत्यु हो गई. मीडिया रिपोर्ट्स में डॉक्टरों के हवाले से लिखा गया है कि अत्यधिक ब्लड प्रेशर के कारण उसके दिमाग की नस फट गई थी, जिससे अंदरूनी रक्तस्राव (Internal Bleeding) शुरू हो गया था. रविवार शाम को नम आंखों से कैफ को सिपुर्द-ए-खाक किया गया. वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था.
रिपोर्ट्स में कैफ के परिजनों के हवाले से रिपोर्ट किया गया है कि उसे पिछले 10 साल से ब्लड प्रेशर की समस्या थी और उसका नियमित इलाज भी चल रहा था. वह मोबाइल पर काफी सक्रिय रहता था और घंटों पबजी खेलने के साथ-साथ वीडियो रील बनाने का शौकीन था. परिजनों ने कई बार उसे मोबाइल से दूर रहने की सलाह दी, लेकिन खेल के रोमांच और तनाव ने अंततः उसकी जान ले ली.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
