कश्मीर : लापता पुलिस अधिकारियों के शव मिले, दोनों के शरीर गोलियों से छलनी…

two special police officers found dead in Kishtawar Kashmir (1)
The Hindi Post

कश्मीर : लापता पुलिस अधिकारियों के शव मिले, दोनों के शरीर गोलियों से छलनी…

 

किश्तवाड़ | जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के मरवाह इलाके में कई घंटों के सर्च ऑपरेशन के बाद लापता दो स्पेशल पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के शव बरामद हुए हैं। साथ ही, दोनों एसपीओ की राइफलें भी गायब मिली हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक के सिर पर और दूसरे की पीठ पर गोली का निशान है। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से लापता दोनों एसपीओ के गोलियों से छलनी शव बरामद हुए हैं। उनके हथियार नहीं मिले हैं। फिलहाल, आतंकी एंगल से भी इस घटना की जांच की जा रही है।

मारे गए एसपीओ की पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों सेना के साथ गश्त पर थे और ‘धर्ना पोस्ट’ की ओर जा रहे थे, तभी वे लापता हो गए। बताया गया कि शुरुआत में उनके मोबाइल फोन पर संपर्क हो पा रहा था, लेकिन बाद में दोनों फोन स्विच ऑफ हो गए।

दोनों के लापता होने के बाद मरवाह के धर्ना जंगल में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। किश्तवाड़ पुलिस और भारतीय सेना ने पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की। कई जगहों पर अतिरिक्त चेकपॉइंट बनाए गए। वाहनों और लोगों की आवाजाही की सघन जांच की गई।

मरवाह और दच्छन के जंगलों में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए, जिन्होंने लापता एसपीओ का पता लगाने के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। जंगलों में सघन तलाशी के बीच कड़ी निगरानी भी रखी गई। आखिरकार, गुरुवार सुबह धर्ना इलाके से उनके शव बरामद किए गए।

इससे पहले, 15 अक्टूबर को किश्तवाड़ के त्रिगाम स्थित एक पुलिस पिकेट से एसपीओ बशीर अहमद अपने सर्विस वेपन के साथ लापता हो गए थे। अगले दिन त्रिगाम जंगल के सेरान वानी इलाके में एक नाले के पास उनका शव गड्ढे में दबा मिला था।

जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों, अब्दुल अजीज डार के बेटे बशीर अहमद डार और बशीर अहमद डार के बेटे नजीर अहमद डार, की पहचान की। दोनों त्रिगाम के सेरान वानी के रहने वाले हैं। दोनों को पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

BY IANS

जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ जिले में लापता दो एसओपी के शव बरामद, शरीर पर मिले गोलियों के निशान


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!