भाजपा में शामिल होते ही राघव चड्ढा को मिली बड़ी जिम्मेदारी

RAGHAV CHADDA (1)

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा की फाइल फोटो / (क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

भाजपा में शामिल होते ही राघव चड्ढा को मिली बड़ी जिम्मेदारी

 

हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होते ही राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को बड़ी जिम्मेदारी मिली है. उन्हें राज्यसभा की याचिका समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. समिति का पुनर्गठन करने के बाद सदन के 10 सदस्यों को इस पैनल के लिए नामित किया गया है. राज्यसभा की एक अधिसूचना में कहा गया है कि राघव चड्ढा को याचिका समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. इसमें यह भी बताया गया कि राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने 20 मई से प्रभावी रूप से इस पैनल का पुनर्गठन करने के बाद सदन के 10 सदस्यों को इस पैनल के लिए नामित किया.

चड्ढा के अलावा पैनल के सदस्यों में हर्ष महाजन, गुलाम अली, शंभू शरण पटेल, मयंककुमार नायक, मस्तान राव यादव बीधा, जेबी माथेर हिशाम, सुभाशीष खुंटिया, रंगव्रा नारज़ारी और संदोश कुमार पी शामिल हैं. एक अन्य अधिसूचना में राज्यसभा सचिवालय ने कहा कि राज्यसभा के सभापति ने 20 मई 2026 को राज्यसभा के सदस्य डॉ. मेनका गुरुस्वामी को कॉर्पोरेट कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 पर संयुक्त समिति के सदस्य के रूप में नामित किया है.

संसद की याचिका समिति बेहद खास मानी जाती है. इसका मुख्य काम आम जनता की ओर से राज्यसभा में पेश की जाने वाली याचिकाओं की जांच करना और उन पर विचार करना होता है. यदि कोई नागरिक सार्वजनिक महत्व के किसी विषय पर संसद का ध्यान खींचना चाहता है, तो वह याचिका दायर कर सकता है. राघव चड्ढा की अध्यक्षता वाली यह कमेटी इन याचिकाओं की गहराई से समीक्षा करती है और फिर अपनी रिपोर्ट व जरूरी सिफारिशें सदन के सामने पेश करती है.

बता दें कि आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं में एक रहे राघव चड्ढा ने राज्यसभा के छह अन्य सांसदों के साथ पार्टी को अलविदा कह दिया था. सभी सात सांसदों ने 27 अप्रैल को आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली. राज्यसभा में 10 सांसदों वाली आप के अब केवल 3 सांसद बचे हैं.

इन नेताओं के बीजेपी में शामिल होने के बाद आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की थी. बीजेपी में शामिल होने वाले सांसदों में राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजिंदर गुप्ता और विक्रमजीत सिंह साहनी हैं.

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!