उपचुनाव में बीजेपी को लगा झटका: जिनको 10 दिन पहले बनाया मिनिस्टर वो हार गए चुनाव
राजस्थान सरकार में मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टीटी करणपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में हार गए है. इससे बीजेपी को झटका लगा है.
बीजेपी ने इस उपचुनाव से पहले ही सुरेंद्र पाल सिंह को भजन लाल मंत्री बना दिया था. इसलिए इस चुनाव में बीजेपी का काफी कुछ दांव पर लगा हुआ था. अब सुरेंद्र पाल सिंह कांग्रेस प्रत्याशी रूपिंदर सिंह कूनर से चुनाव हार गए है.
चुनाव हारने के बाद सुरेंद्र पाल सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है.
बता दें कि पिछले महीने चुनाव प्रचार के बीच कांग्रेस उम्मीदवार और तत्कालीन विधायक गुरमीत सिंह कूनर का निधन हो गया था. इस कारण करणपुर विधान सभा सीट पर मतदान स्थगित करना पड़ा था. उसके बाद उपचुनाव की घोषणा हुई थी.

कांग्रेस ने कूनर के बेटे रूपिंदर सिंह को इस सीट से मैदान में उतारा था जो उपचुनाव जीतने में सफल रहे है.
बता दें कि सुरेंद्र पाल टीटी ने आज से ठीक 10 दिन पहले 30 दिसंबर को मंत्री पद की शपथ ली थी. तब सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को भजनलाल सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया था.
उन्होंने जयपुर स्थित राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ ली थी. मंत्री बनने के बाद सुरेंद्र पाल सिंह अपनी जीत को लेकर काफी आश्वस्त थे. उन्होंने कहा था कि श्रीकरणपुर के मतदाता बहुत समझदार हैं, मैं चुनाव जरूर जीतूंगा. पर ऐसा हुआ नहीं है और वह चुनाव हार गए है.
Hindi Post Web Desk
