बिहार के मंत्री कपिलदेव कामत का कोरोना से निधन, नीतीश ने जताया शोक

Kapil Dev Kamat FB

कपिल देव कामत (फाइल फोटो/फेसबुक)

The Hindi Post

पटना | बिहार के पंचायती राज मंत्री और जनता दल (युनाइटेड) के वरिष्ठ नेता कपिल देव कामत का शुक्रवार को कोरोनावायरस से निधन हो गया। उनके निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक जताया है। कामत के परिवारिक लोगों ने बताया कि पिछले दिनों कामत की तबीयत खराब हुई थी और उन्हें पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था और कोविड-19 संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। हालांकि कामत अन्य और कई बीमारियों से पीड़ित थे। शुक्रवार की सुबह उनका निधन हो गया।

कामत मधुबनी जिले के बाबूबरही क्षेत्र से विधायक थे।

उनके निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, कामत जमीन से जुड़े राजनेता थे। वह मेरे मंत्रिमंडल में मेरे सहयोगी थे। वह एक कुशल प्रशासक एवं लोकप्रिय राजनेता थे। उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से दुख पहुंचा है। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

उन्होंने कहा कि कोविड काल के लिए वर्तमान में लागू दिशा निर्देश के तहत राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!