एक घर से निकाले गए चार शव, 5 अन्य थे गंभीर हालत में, क्या है यह मामला ?

cropped-Hindi-Post.png
The Hindi Post

एक घर से निकाले गए चार शव, 5 अन्य थे गंभीर हालत में, क्या है यह मामला ?

 

छपरा | बिहार के सारण जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र में एक घर के लोगों को ठंड से बचने के लिए कमरे में अंगीठी जलाकर सोना महंगा पड़ गया. अंगीठी के धुएं से दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गई.

पुलिस के अनुसार, यह हादसा अंबिका भवानी कॉलोनी, भारत मिलाप चौक के पास हुआ. ठंड से बचने के लिए घर के अंदर जलाई गई अंगीठी से निकले जहरीले धुएं ने एक ही परिवार के चार लोगों की जान ले ली, जबकि पांच अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है. मृतकों में एक वृद्ध महिला और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि परिवार के सदस्य रात में ठंड अधिक होने के कारण कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए. बंद कमरे में अंगीठी का धुआं फैलने से गैस जमा हो गई, जिससे सभी लोग बेहोश हो गए. उन्होंने बताया कि रात में इस घटना की किसी को जानकारी नहीं हो पाई. शनिवार सुबह जब अन्य लोगों ने अपने कमरे का दरवाजा खोला तो कुछ लोग अचेत अवस्था में मिले, जबकि चार की मौत हो चुकी थी.

मृतकों में कमलावती देवी (70), तेजांश (3), मासूम अध्या, और नौ माह की गुड़िया शामिल हैं.

भगवान बाजार थाना के पुलिस अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. उन्होंने बताया कि इस हादसे में पांच अन्य लोग बेहोश हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. लोगों की स्थिति नाजुक देखते हुए इन्हें अन्य स्थानों के लिए रेफर कर दिया गया है.

उन्होंने आगे कहा कि प्रथम दृष्टया मौत अंगीठी के उठे धुएं से दम घुटना ही प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!