चाकू की नोक पर युवती से सोने की चेन छीनने की कोशिश, आरोपी….., वायरल हुआ VIDEO
चाकू की नोक पर युवती से सोने की चेन छीनने की कोशिश, आरोपी….., वायरल हुआ VIDEO
बेंगलुरु। बेंगलुरु में एक दुकान में एक व्यक्ति के जबरन घुसने और एक युवती को चाकू की नोक पर बंधक बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने युवती की गर्दन पर चाकू रखकर उसका गला रेतने की धमकी दी और उससे सोने की चेन सौंपने की मांग की। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने युवती को सुरक्षित बचा लिया और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
यह वारदात 31 अक्टूबर को हुई थी। मंगलवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो सभी को इसकी जानकारी हुई। इस वारदात से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान प्रभुराज के तौर पर हुई है। वह सुबह करीब 11:45 बजे हेलमेट और ग्लव्स पहनकर एक ब्रांडेड बैग और जूते की मरम्मत की दुकान में घुसा। सुबह 10 बजे महिला कर्मचारी ने दुकान खोली थी और वह उस समय अकेली थी।
आरोपी ने शुरू में दावा किया कि कोई उसका पीछा कर रहा था, फिर उसने महिला को पकड़कर चाकू से धमकाया। आरोपी ने युवती से उसकी सोने की चेन देने की मांग की। जब उसने विरोध किया, तो उसने उसकी गर्दन पकड़ी, चाकू उसके गले के पास रखा और उसे दुकान के बाहर घसीटकर ले गया।
वीडियो में दिख रहा है कि महिला आरोपी से उसे छोड़ने की गुहार लगा रही है, जबकि वह उसे ऑटोरिक्शा में ले जाने की धमकी दे रहा था। उसने अपना चेहरा हेलमेट से ढका हुआ था और एक हाथ से उसकी गर्दन पकड़ी हुई थी, जबकि दूसरे हाथ में चाकू था। आखिरकार लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और महिला को बचाया। उन्होंने उसकी पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया।
डीसीपी ईस्ट विक्रम आमटे ने कहा कि आरोपी चेन स्नैचिंग करने के इरादे से आया था। जब लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने महिला को पकड़ लिया और उसे जान से मारने की धमकी दी।
BY IANS
बेंगलुरु में चाकू की नोक पर युवती से सोने की चेन छीनने की कोशिश, आरोपी को पकड़कर लोगों ने पुलिस को सौंपा
