नन्हें मिया को उड़ते तो सबने देखा, अब उन्होंने खुद सुनाई अपनी ‘लैंडिंग’ की डरावनी कहानी, बताया- “ऐसा लगा जैसे….”
नन्हें मिया को उड़ते तो सबने देखा, अब उन्होंने खुद सुनाई अपनी ‘लैंडिंग’ की डरावनी कहानी, बताया- “ऐसा लगा जैसे….”
उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई. तेज हवाओं, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 89 लोगों की मौत और दर्जनों लोगों के घायल होने की खबर है. इसी बीच बरेली जिले के भमोरा क्षेत्र के बबियाना गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें एक व्यक्ति तेज हवा के साथ टीनशेड समेत हवा में उड़ता दिखाई दिया. अब उस वीडियो में नजर आने वाले शख्स नन्हे मियां ने खुद पूरी घटना बयां की है.
50 वर्षीय नन्हे मियां पुत्र वहीद अंसारी गांव में बने एक बारातघर के पास खड़े थे. दोपहर के समय अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई. हवा इतनी तेज थी कि बारातघर का टीनशेड और उसकी चादरें उड़ने लगीं. इसी दौरान नन्हे मियां ने उसे बचाने के लिए लोहे के पाइप और रस्सी को पकड़ लिया. लेकिन अगले ही पल तेज हवा का ऐसा झोंका आया कि वह खुद भी टीनशेड के साथ हवा में उठ गए.
नन्हे मियां बताते हैं, “मुझे अंदाजा ही नहीं था कि हवा इतनी तेज होगी. मैंने सिर्फ टीनशेड को पकड़ रखा था ताकि वह उड़ न जाए. अचानक ऐसा लगा जैसे किसी ने मुझे ऊपर खींच लिया हो. कुछ दिखाई नहीं दे रहा था. हवा मुझे उड़ाकर काफी दूर खेत में ले गई और वहीं गिरा दिया.”
बरेली, उत्तर प्रदेश: कल तेज हवाओं और बारिश के बीच, नन्हे अंसारी शेड के पाइप को पकड़े हुए उड़ गए और एक खेत में जा गिरे।
नन्हे अंसारी ने बताया, “आंधी-बारिश के मौसम में हम अपने ई-रिक्शा से आ रहे थे। मौसम खराब हुआ तो हमने टीन शेड के अंदर अपनी ई-रिक्शा खड़ी कर दी। उसके बाद एक ज़ोरदार… pic.twitter.com/M2FYtBa8OE
— IANS Hindi (@IANSKhabar) May 14, 2026
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नन्हे मियां करीब 50 फीट तक हवा में उछल गए थे. खेत में गिरने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और वह घर पर आराम कर रहे हैं.
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरान हैं कि आंधी का असर कितना भयावह हो सकता है. गांव वालों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा तूफान पहले कभी नहीं देखा. वहीं प्रशासन भी प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का आंकलन कर रहा है.
नन्हे मियां की यह आपबीती अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. वायरल वीडियो में लोगों ने उनका उड़ना देखा था, लेकिन अब उनकी जुबानी सुनी गई यह ‘लैंडिंग की कहानी’ हर किसी को सिहरने पर मजबूर कर रही है.
