“हत्या का प्रयास………”, राहुल गांधी के खिलाफ बीजेपी ने इन धाराओं में दी शिकायत
फोटो: आईएएनएस
नई दिल्ली | संसद भवन में गुरुवार को हुई धक्का-मुक्की के बाद भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सदस्य अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
इस मामले में भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से भी शिकायत की है.
संसद मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद अनुराग ठाकुर ने पत्रकारों से कहा कि राहुल गांधी के द्वारा शारीरिक हमला और उकसाने के लिए उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने कहा कि एनडीए के सांसद शांतिपूर्ण तरीके से कांग्रेस के झूठ के प्रोपेगेंडा को बेनकाब कर रहे थे और उनसे माफी की मांग कर रहे थे. उसी समय राहुल गांधी अपने ‘इंडी’ गठबंधन के सांसदों के साथ आए और तय रास्ते से न जाकर एनडीए के सांसदों के बीच आ गए. उन्होंने अपनी पार्टी के सदस्यों को उकसाया भी और “दुर्भावनापूर्ण रवैये” के साथ आगे बढ़े.
राहुल गांधी के खिलाफ अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज ने बीएनएस की धारा 109, 115, 117, 125, 131 और 351 के तहत शिकायत दर्ज कराई है. इसमें 109 हत्या का प्रयास और 117 स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाने की धाराएं शामिल है.
राहुल गांधी के खिलाफ BNS की इन धाराओं में दी गई शिकायत-
धारा 109: हत्या का प्रयास
धारा 115: स्वेच्छा से चोट पहुंचाना
धारा 117: स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना
धारा 121: सरकारी कर्मचारी को उसके कर्तव्य से विचलित करने के लिए चोट पहुंचाना
धारा 351: आपराधिक धमकी
धारा 125: दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालना
Hindi Post Web Desk/IANS
