“हम कुत्तों की तरह पीछे से वार नहीं करते, सामने से चीरकर …”, अतीक अहमद के बेटे अबान का वीडियो हुआ था वायरल, फिर हुई थी यह कार्रवाई

Abaan Ahmed (1) (1)

फोटो: सोशल मीडिया

The Hindi Post

“हम कुत्तों की तरह पीछे से वार नहीं करते, सामने से चीरकर …”, अतीक अहमद के बेटे अबान का वीडियो हुआ था वायरल, फिर हुई थी यह कार्रवाई

 

माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था. अब उसकी मौत के बाद करीब आठ महीने पुराना एक वीडियो फिर सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. यही वीडियो उस समय भी काफी विवादों में रहा था.

क्या था अबान अहमद के वायरल वीडियो में?

करीब 30 सेकेंड के इस वीडियो में अबान अहमद का काफिला एक शादी समारोह में पहुंचता दिखाई देता है. वीडियो में वह चश्मा लगाए कुर्सी पर बैठे नजर आते हैं, फिर शादी में खाना खाते और बाद में कुछ युवकों के साथ कार्यक्रम से बाहर निकलते दिखाई देते हैं. वीडियो के आखिर में सड़क पर चलती कारों का काफिला भी नजर आता है. वीडियो पर एक धमकी वाले डायलॉग और बैकग्राउंड म्यूजिक लगाया गया था. इसमें कहा गया था, “हमारे पास दिल भी है और हथियार भी… हम कुत्तों की तरह पीछे से वार नहीं करते, सामने से चीरकर रख देते हैं…”. इसी ऑडियो की वजह से यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था.

अबान अहमद पर इसी वीडियो पर दर्ज हुई थी एफआईआर

यह वीडियो सामने आने के बाद प्रयागराज पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया था. धूमनगंज थाने में सब-इंस्पेक्टर आदित्य सिंह की शिकायत पर अबान अहमद, उसके साथी हमजा और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी. पुलिस का आरोप था कि सोशल मीडिया पर डाली गई इस रील के जरिए समाज में डर और दहशत फैलाने की कोशिश की गई. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353 के तहत केस दर्ज किया गया, जो सार्वजनिक शांति भंग करने या भड़काऊ सामग्री फैलाने से जुड़े मामलों में लागू होती है. पुलिस ने रील बनाने और उसे वायरल करने वालों की भी जांच शुरू की थी.

कौन था अबान अहमद?

अबान अहमद माफिया अतीक अहमद का पांचवा और सबसे छोटा बेटा था. अतीक और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में पुलिस हिरासत के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अतीक के बेटे असद अहमद की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो चुकी है, जबकि उमर और अली अहमद जेल में बंद हैं. अबान और उसके भाई अहजम उमेश पाल हत्याकांड के समय नाबालिग थे.

221 दिन बाल संरक्षण गृह में रहा था अबान अहमद

उमेश पाल हत्याकांड के बाद पुलिस ने अबान और अहजम को प्रयागराज के राजरूपपुर स्थित बाल संरक्षण गृह भेज दिया था. दोनों करीब 221 दिन तक वहां रहे. बाद में बाल कल्याण समिति के आदेश पर उन्हें उनकी फूफी परवीन कुरैशी की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया था. संरक्षण गृह से निकलने के बाद दोनों सबसे पहले अपने पिता अतीक अहमद और चाचा अशरफ की कब्र पर पहुंचे थे.

अबान अहमद के मौत के बाद फिर चर्चा में आया वीडियो

अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद वही पुराना वीडियो एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिस वीडियो ने आठ महीने पहले विवाद खड़ा किया था और जिस पर एफआईआर तक दर्ज हुई थी, अब वही वीडियो उनकी मौत के बाद नए सिरे से चर्चा का विषय बन गया है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!