‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने किया बड़ा ऐलान, करने जा रही यह काम…
फोटो: आईएएनएस
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने किया बड़ा ऐलान, करने जा रही यह काम…
छत्रपति संभाजीनगर | कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अपनी पहली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों के नामों का औपचारिक ऐलान किया है. पार्टी ने कहा कि देशभर में संगठन के विस्तार और अपने रोडमैप को लागू करने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने इस नेतृत्व टीम को मंजूरी दी है.
पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 30 वर्षीय अभिजीत दिपके को संस्थापक एवं राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है. वहीं 30 वर्षीय आशुतोष रांका और 27 वर्षीय सौरव दास को राष्ट्रीय सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
राष्ट्रीय संगठन प्रभारी के रूप में 35 वर्षीय अजिंक्य शिंदे और संगठन सह-प्रभारी के रूप में 26 वर्षीय दीपक बलियान की नियुक्ति की गई है. 34 वर्षीय आफरीन नवाज को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है.
पार्टी ने विभिन्न प्रकोष्ठों के लिए भी जिम्मेदारियां तय की हैं. विजय रेड्डी मल्लांगी को मीडिया प्रमुख, रत्ना सिंह को विधिक मामलों की प्रमुख, वैष्णवी गौर को अनुसंधान एवं नीति प्रमुख, रोहन देशपांडे को प्रौद्योगिकी प्रमुख और योगेश इंगले को वित्त प्रमुख नियुक्त किया गया है.
क्षेत्रीय संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी ने चार जोनल प्रभारियों की भी घोषणा की है. उत्तर क्षेत्र की जिम्मेदारी दीपक बलियान, दक्षिण क्षेत्र की विजय रेड्डी मल्लांगी, पूर्व एवं उत्तर-पूर्व क्षेत्र की अंकित भारद्वाज तथा पश्चिम क्षेत्र की योगेश इंगले को सौंपी गई है.
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि अगले छह महीनों के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी देशभर में राज्य समन्वय समितियों के साथ-साथ लोकसभा और शहर स्तर की समन्वय इकाइयों का गठन करेगी. पार्टी ने स्पष्ट किया है कि आज घोषित सूची के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को पार्टी का पदाधिकारी नियुक्त नहीं किया गया है.
आईएएनएस
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी का किया ऐलान, अगले छह महीनों में देशभर में संगठन का विस्तार
