बहुत ही भयानक ! गहरी खाई में गिरा ट्रक, कई लोगों की मौत की आशंका

truck falls into gorge in Arunanchal (1)
The Hindi Post

बहुत ही भयानक ! गहरी खाई में गिरा ट्रक, कई लोगों की मौत की आशंका

 

इटानगर/नई दिल्ली | भारतीय सेना ने गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश के चागलागाम क्षेत्र में एक बड़ा सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. यह ऑपरेशन तिनसुकिया से ट्रक सवार 21 मजदूरों के लिए चलाया जा रहा है. दरअसल, ट्रक में मजदूर सवार थे. ट्रक एक गहरी खाई में जा गिरा. माना जा रहा है कि हादसा 8 दिसंबर की रात को केएम 40 के पास हुआ. 10 दिसंबर की देर रात इसका पता तब चला जब एक शख्स चिपरा जीआरईएफ कैंप पहुंचा और उसने अधिकारियों को जानकारी दी.

हादसे में जीवित बचे व्यक्ति की शुरुआती जानकारी के अनुसार, वाहन सड़क से फिसल गया और नीचे दुर्गम जंगल वाली खाई में जा गिरा.

यह जगह (जो चागलागाम से लगभग 12 किमी पहले है) एक दूरदराज के इलाके में है जहां कनेक्टिविटी बहुत कम है.

जिंदा बचे हुए व्यक्ति के कैंप पहुंचने तक किसी भी स्थानीय एजेंसी, ठेकेदार या सिविल प्रतिनिधि ने लापता मजदूरों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी. इस दुखद घटना का पता चलने के बाद राहत कार्यों में तेजी लाई गई.

11 दिसंबर को, भारतीय सेना की स्पीयर कोर ने मेडिकल टीमों, जीआरईएफ कर्मियों, स्थानीय पुलिस, एनडीआरएफ सदस्यों और हयूलियांग के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) के साथ राहत कार्य शुरू किया.

एक अधिकारी ने कहा, “सुबह 11:55 के करीब, चार घंटे की गहन खोज और रस्सी से नीचे उतरने के बाद, ट्रक केएम 40 के पास सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे एक ऐसी जगह पर देखा गया जो दुर्गम थी और घने पेड़ों और झाड़ियों के कारण हेलीकॉप्टर या सड़क से दिखाई नहीं दे रही थी. अठारह शव देखे गए हैं और उन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है.”

अधिकारियों के अनुसार, घनी झाड़ियों के कारण वाहन पहले दिखाई नहीं दे रहा था. अब तक, दुर्घटनास्थल पर 18 शव देखे गए हैं और उन्हें बेले रोप सिस्टम (रॉक क्लाइंबिंग और तकनीकी बचाव कार्यों में इस्तेमाल होने वाली एक सुरक्षा प्रणाली) का उपयोग करके निकाला जा रहा है.

एडीसी हयूलियांग ने एसपी अंजॉ को सूचित किया है जो घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. जिला चिकित्सा अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं.

उपायुक्त द्वारा बुलाई गई राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) भी घटनास्थल की ओर बढ़ रही है.

अधिकारियों ने मजदूरों की पहचान करने और ट्रक पर सवार लोगों की सही संख्या की पुष्टि करने के लिए चागलागाम के जिला परिषद सदस्य से जुड़े उप-ठेकेदार से पूछताछ शुरू कर दी है.

कठिन इलाके, सीमित दृश्यता और मुश्किल मौसम की स्थिति के बावजूद, सेना और सिविल एजेंसियां बाकी लोगों का पता लगाने और तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!