अमेरिका से भारत लाया गया गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल, NIA ने किया गिरफ्तार

Anmol Bishnoi IANS (1) (1)

अनमोल बिश्नोई की फाइल फोटो (आईएएनएस)

The Hindi Post

नई दिल्ली | राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को बड़ी सफलता हाथ लगी है. एनआईए ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल को गिरफ्तार कर लिया है. अनमोल के अमेरिका से भारत पहुंचते ही उसे अरेस्ट कर लिया गया. दरअसल, उसे अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है.

2022 से फरार चल रहा अनमोल एनआईए के ‘मोस्ट वांटेड’ लिस्ट में शामिल था. उस पर 10 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था. वह लॉरेंस के टेरर सिंडिकेट से जुड़ा 19वां आरोपी है.

एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि अनमोल को लुइसियाना से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही हिरासत में लिया गया. अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के शिकायतकर्ता जीशान सिद्दीकी को 18 नवंबर को ईमेल भेजकर डिपोर्टेशन की पुष्टि कर दी थी.

ईमेल में लिखा था, “अनमोल बिश्नोई को अमेरिकी सरकार द्वारा देश से हटाया गया है. यह कार्रवाई 18 नवंबर 2025 को हुई.”

NIA ने अनमोल बिश्नोई को किया गिरफ्तार (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)

अनमोल को नवंबर 2024 में कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में अवैध प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. यहां एफबीआई ने डीएनए और वॉयस सैंपल से उसकी पहचान की थी. उसके बाद लंबी डिपोर्टेशन प्रक्रिया चली. मार्च 2023 में एनआईए ने लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व में टेरर-गैंगस्टर साजिश मामले में अनमोल के खिलाफ 1200 पेज की चार्जशीट दाखिल की थी.

जांच में पाया गया कि 2020 से 2023 के बीच अनमोल ने गोल्डी बराड़ और लॉरेंस के इशारों पर भारत में कई आतंकी गतिविधियों को अंजाम दिया. वह अमेरिका से ही गैंग को निर्देश देता था, शूटरों को शरण, हथियार और लॉजिस्टिक सप्लाई मुहैया कराता था. पंजाब के फाजिल्का जिले का रहने वाला अनमोल नेपाल, दुबई और केन्या के रास्ते अप्रैल 2022 में फर्जी पासपोर्ट पर अमेरिका भागा था.

अनमोल का नाम कई हाई-प्रोफाइल केसों से जुड़ा है. अक्टूबर 2024 में मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या में वह मुख्य साजिशकर्ता था.

जीशान सिद्दीकी के अनुसार अनमोल ने शूटरों को सिद्दीकी की फोटो और लोकेशन भेजी थी. अप्रैल 2024 में सलमान खान के घर पर फायरिंग में भी उसकी भूमिका थी. मई 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के लिए हथियार और सपोर्ट देने का आरोप उस पर है. उस पर कुल 18 मामले दर्ज हैं जिनमें जबरन वसूली, हत्या और हथियार तस्करी शामिल हैं.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!