यूपी : 5 घंटे की सर्जरी के बाद युवक की आवाज वापस आई

Doctor Freepik (1) (1)

सांकेतिक फोटो (हिंदी पोस्ट)

The Hindi Post

लखनऊ | उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में 28 वर्षीय एक युवक की आवाज एक हादसे के चलते बंद होने के बाद डॉक्टरों ने उसकी सर्जरी की. यह सर्जरी पांच घंटे चली.

सर्जरी के 10 दिनों के भीतर उसकी आवाज वापस आ गई. इसको किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा क्योंकि ऐसा होने की किसी को उम्मीद नहीं थी.

27 जुलाई को एक दुर्घटना में युवक की अन्नप्रणाली, श्वासनली और वोकल कॉर्ड कट गई थी. उसे लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) ले जाया गया, जहां सर्जनों ने उसकी सर्जरी की. डॉक्टरों ने उसकी स्वर-झिल्ली (वोकल कॉर्ड) को ठीक किया.

हालांकि डॉक्टरों का मानना था कि युवक की आवाज वापस आने की संभावना बेहद कम थी, लेकिन आवाज वापस आने पर सभी ने खुशी जताई.

थोरैसिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. शैलेंद्र यादव के अनुसार, यह मामला दुर्लभ नहीं था, लेकिन इस तरह का मामला, जहां एक व्यक्ति अन्नप्रणाली और श्वासनली कटे होने के बावजूद जीवित रहा, ऐसा पहले कभी नहीं सुना गया.

युवक के साथ यह हादसा तब हुआ जब वो बाइक चला रहा था. बाइक चलाते समय सड़क के बीच में आए एक जानवर को बचाने में बाइक एक खेत के कंटीले तार वाले बाड़ से टकरा गई. कंटीले तार युवक के गले में धंस गए. इससे उसको काफी चोट आई.

डॉ शैलेन्द्र ने कहा, “हमें यकीन नहीं था कि यह युवक भविष्य में बोल पाएगा, लेकिन सौभाग्य से उसकी आवाज लौट आई है.”

केजीएमयू के कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल प्रोफेसर बिपिन पुरी ने टीम को बधाई दी है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!