मनी लॉन्डरिंग मामला: 8 घंटे चली अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज से दिल्ली पुलिस की पूछताछ, यह सवाल पूछे गए

Jacqueline Fernandez (1) (1)

फोटो वाया आईएएनएस

The Hindi Post

नई दिल्ली | बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज से आज दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने आज आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की. यह पूछताछ, 200 करोड़ रूपए की रंगदारी-धोखाधड़ी के मामले में हुई. यह पूरा मामला करोड़पति ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है जो इस समय जेल में बंद है.

जैकलीन सुबह करीब 11 बजे ईओडब्ल्यू ऑफिस पहुंची थीं. उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की और सीधे अंदर चली गई. उनके साथ उनके वकील भी थे.

इस मामले में एक्ट्रेस का सामना उनकी सहयोगी पिंकी ईरानी से कराया गया. ईओडब्ल्यू इकाई ने प्रश्नों की एक लंबी सूची तैयार की थी.

 फाइल फोटो | आईएएनएस

फाइल फोटो | आईएएनएस

ईओडब्ल्यू के एक सूत्र ने कहा, “जैकलीन से उनके और चंद्रशेखर के संबंधों के बारे में पूछा गया. जैकलीन को चंद्रशेखर से कौन-कौन से उपहार मिले है, इसके बारे में भी सवाल-जवाब किया गया. पिंकी ईरानी और जैकलीन – दोनों का आमना-सामना भी कराया गया.”

जैकलीन से यह भी पूछा गया कि उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को चंद्रशेखर से कितना पैसा मिला है.

सूत्र ने कहा, “हमने पूछा कि यह जानते हुए कि चंद्रशेखर एक ठग है, वो (जैकलीन) फिर भी उसके संपर्क में क्यों थी.”

जैकलीन ने कथित तौर पर कबूल किया कि चंद्रशेखर ने उनके परिवार की मदद की थी. जैकलीन ने यह भी कहा कि उन्होंने कुछ उपहार लौटा दिए थे.

इससे पहले सितंबर के पहले सप्ताह में, ईओडब्ल्यू अधिकारियों ने इसी मामले में नोरा फतेही की गवाही दर्ज की थी.

चंद्रशेखर को फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह सहित कुछ हाई-प्रोफाइल लोगों से कथित तौर पर धोखाधड़ी और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.

प्रवर्तन निदेशालय ने कई बॉलीवुड अभिनेताओं से उनके चंद्रशेखर से कथित संबंधों के बारे में पूछताछ की है.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
इनपुट्स: आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!