बिहार : बेगूसराय फायरिंग मामले में अब तक गिरफ्तारी नहीं, 7 पुलिसकर्मी निलंबित, 5 लोग हिरासत में लिए गए

Begusarai (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

बेगूसराय | बिहार के बेगूसराय जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के तहत हुई अंधाधुंध फायरिंग की घटना में अब तक हुई जांच के बाद सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. वहीं पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

इधर, पूरे मामले की जांच के लिए चार टीम बनाई गई है. बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बुधवार को अब तक की गई जांच का हवाला देते हुए बताया कि, “इस बात के साफ संकेत है कि इस घटना को अंजाम देने वाले एक बाइक पर सवार दो लोग नहीं बल्कि दो बाइक पर सवार चार लोग थे.”

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच के लिए चार टीमें बनाई गई हैं, जो सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी से मिले फुटेज का अध्ययन किया जा रहा है.

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्राप्त फुटेज से कई तस्वीरें निकाली गई हैं. इन तस्वीरों में दिख रहे युवकों की पहचान के लिए इनको (तस्वीरों को) आसपास के जिलों में भी भेजा गया है. वारदात को अंजाम देने वाले सभी युवा प्रतीत हो रहे हैं.

कुमार ने आगे कहा कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी की गई है तथा बेगूसराय के बॉर्डर को भी सील कर जांच की जा रही है.

बेगूसराय में हुई इस घटना के संबंध में सात पोलिसकर्मियों को भी ससपेंड किया गया है. कर्तव्यहीनता के आरोप में गश्त टीम के प्रमुखों को निलंबित कर दिया गया है.

उन्होंने बताया कि इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा हाल के दिनों में जेल से छूटे लोगों से भी सवाल-जवाब किया जा रहा है.

उल्लेखनीय है कि 24 घंटे पहले, बेगूसराय जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अंतर्गत, बाइक पर सवार बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी करके 11 लोगों को गोली मार दी थी. इस बड़ी घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि 10 अन्य घायल हो गए थे. सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
इनपुट्स: आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!