पैगंबर पर टिप्पणी के लिए नुपुर शर्मा को देश से माफी मांगनी चाहिए: सुप्रीम कोर्ट
नूपुर शर्मा (फाइल फोटो | आईएएनएस)
पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा को कड़ी फटकार लगाई है. शीर्ष अदालत ने नुपुर से टीवी पर आकर देश से माफी मांगने को कहा. अदालत ने यह भी कहा कि आज देश में जो भी हो रहा है उसके लिए वो (नुपुर) जिम्मेदार है। कोर्ट ने उदयपुर में हुई हत्या की घटना के लिए नूपुर को जिम्मेदार ठहराया.
कोर्ट ने कहा कि आपके बयान से देश में आग लग गई है और इस बयान का नतीजा है वो दुर्भाग्यपूर्ण घटना जो उदयपुर में हुई.
दो जजों की बेंच ने कहा कि उनको (नूपुर) अपने गैर जिम्मेदाराना बयान के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए.
जब नुपुर के वकील मनिंदर सिंह ने कहा कि नुपुर अपने बयान पर माफी मांग चुकी है तो कोर्ट ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए.
नूपुर शर्मा की सभी मामलों को दिल्ली ट्रांसफर करने की मांग को सुप्रीम कोर्ट ने किया खारिज
कोर्ट ने नुपुर शर्मा की उस याचिका को भी खारिज कर दिया जिसमें उनके खिलाफ दर्ज सभी मामलों को दिल्ली ट्रांसफर करने की मांग की गई थी. नुपुर शर्मा के खिलाफ अलग अलग राज्यों में मामले दर्ज है. इस पर नुपुर ने कोर्ट से मांग की थी कि सभी मामलों को दिल्ली ट्रांसफर कर दिया जाए पर कोर्ट ने इस मांग को खारिज कर दिया. सभी मामलों को दिल्ली ट्रांसफर करने के लिए यह दलील दी गई कि नूपुर को लगातार धमकियां मिल रही है जबकि वो अपना बयान वापस ले चुकी है.
कोर्ट ने कहा कि जब आप किसी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाते हो तो वो व्यक्ति गिरफ्तार हो जाता है पर किसी में हिम्मत नहीं आपके (नूपुर शर्मा) खिलाफ कार्रवाई करे. यह यह आपका दबदबा दिखता है.
कोर्ट में नूपुर शर्मा के वकील ने कहा कि उन्होंने (नूपुर) ने अपना बयान वापस ले लिए है और इस पर माफी मांग ली है, इसपर कोर्ट ने कहा कि माफी के लिए अब बहुत देर हो चुकी थी.
इसके साथ ही कोर्ट ने नूपुर के खिलाफ सभी मामले दिल्ली ट्रांसफर करने से इंकार कर दिया. इसके बाद नूपुर के वकील ने याचिका वापस लेने की इजाजत मांगी, जिसकी स्वीकृति कोर्ट ने दे दी.
दरअसल, नूपुर शर्मा ने अपने खिलाफ दर्ज सभी मामलों को दिल्ली ट्रांसफर करवाने के लिए शीर्ष अदालत का रुख किया था. उनके खिलाफ मुंबई, पुणे, दिल्ली, कोलकाता में मामले दर्ज है. इन सभी मामलों को दिल्ली ट्रांसफर करवाना चाहती थी नूपुर शर्मा.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
