यूपी: ललितपुर में रेप पीड़िता के साथ थाना इंचार्ज ने किया रेप, आरोपी इंस्पेक्टर हुआ फरार

Rape Molestation Mental Disorder portrait-person-with-mental-disorders (1)

सांकेतिक तस्वीर (इंग्लिश पोस्ट)

The Hindi Post

नई दिल्ली | कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को ललितपुर में 13 साल की बच्ची के साथ बलात्कार के मामले में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि बुलडोजर के शोर में कानून व्यवस्था के असल सुधारों को कैसे दबाया जा रहा है। इस तरीके की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए कड़े कदम उठाने होंगे। प्रियंका गांधी ने ललितपुर की घटना पर एक के बाद एक तीन ट्वीट कर कहा, ललितपुर में एक 13 साल की बच्ची के साथ गैंगरेप और फिर शिकायत लेकर जाने पर थानेदार द्वारा बलात्कार की घटना दिखाती है कि बुलडोजर के शोर में कानून व्यवस्था के असल सुधारों को कैसे दबाया जा रहा है।

अगर महिलाओं के लिए थाने ही सुरक्षित नहीं होंगे तो वो शिकायत लेकर जाएंगी कहां? क्या उप्र सरकार ने थानों में महिलाओं की तैनाती बढ़ाने, थानों को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने के लिए गंभीरता से सोचा है? कांग्रेस पार्टी ने अपने महिला घोषणा पत्र में महिला सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदु रखे थे।

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, आज ललितपुर है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए महिला सुरक्षा और महिला हितैषी कानून व्यवस्था के लिए गंभीर कदम उठाने ही होंगे।

वहीं इससे पहले समादवादी पार्टी की तरफ से भी ट्वीट कर कहा गया कि चंदौली में एक मासूम बेटी के साथ रेप और हत्या के आरोपों के बाद यूपी की योगी जी की पुलिस पर ललितपुर के पाली में पुलिसवालों द्वारा सामूहिक बलात्कार का आरोप लगा है।

इसके साथ ही इस मसले पर आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि पीड़िता न्याय के लिये थाने पहुंची तो दरोगा ने भी उसे अपनी दरिंदगी का शिकार बना लिया।

मुख्यमंत्री योगी से सवाल पूछते हुए आप नेता संजय सिंह ने कहा, आपकी पुलिस ने चंदौली में एक बेटी की हत्या की, ललितपुर में किशोरी से बलात्कार किया। इन खाकी वर्दी के दरिंदों पर बुलडोजर कौन चलायेगा?

विज्ञापन
विज्ञापन

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को चार लोग नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर यूपी से भोपाल ले गए। आरोप है कि चारों लड़कों ने उससे दुष्कर्म किया। वहीं बच्ची के मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के एक थाने के एसएचओ ने बयान दर्ज करने के बाद उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। मामला सामने आने के बाद एसएचओ को निलंबित कर दिया गया है। मामले में थानाध्यक्ष समेत 6 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी थानाध्यक्ष तिलकधारी सरोज फरार है। 13 वर्षीया किशोरी ने आरोप लगाया है कि पहले 4 लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया और फिर जब वह अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंची तो थानाध्यक्ष ने थाने के अंदर उसके साथ बलात्कार किया।

एक बयान में ललितपुर एसपी निखिल पाठक ने कहा कि, “एक महिला द्वारा तहरीर दी गई थी कि दिनांक 22/04/2022 को उसकी नाबालिक बेटी को चार लड़के अगवा करके ले गए। लड़की को भोपाल ले जा कर उसके साथ बलात्कार किया गया। इसके बाद 26/04/2022 को वो लड़के लड़की को वापस ललितपुर छोड़ देते है। दिनांक 27/04/2022 को बच्ची की एक परिजन उसको तत्कालीन थाना अध्यक्ष तिलकधारी सरोज को सुपुर्द करती है जहां वह उसके साथ बलात्कार करते है। इसके बाद लड़की को फिर से उसी परिजन के पास छोड़ देते है। इस पूरी घटना में थाना पाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें कुल 6 अभियुक्त नामजद है। इन 6 लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई है। यह टीमें कई स्थानों पर दबिश दे रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए तिलकधारी सरोज को निलंबित कर दिया गया है। इस प्रकरण में अब तक कुल तीन गिरफ्तारियां हुई है।”

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

(इनपुट्स: आईएएनएस)

 

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!