Saturday, 28 November 2026
राज्य

परिसीमन बिल को लेकर शरद पवार पर भड़की कांग्रेस, याद दिलाया पुराना एहसान

The Hindi Post

परिसीमन बिल को लेकर शरद पवार पर भड़की कांग्रेस, याद दिलाया पुराना एहसान

 

संसद के आगामी विशेष सत्र में पेश होने वाले परिसीमन विधेयक पर केंद्र की बीजेपी सरकार को समर्थन देने के शरद पवार की पार्टी के रुख ने महाराष्ट्र की सियासत में हलचल तेज कर दी है. इस फैसले से भड़की महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के जरिए एनसीपी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार और सुप्रिया सुले पर सीधा हमला बोला है. कांग्रेस ने उन्हें इसी साल की शुरुआत का वह घटनाक्रम याद दिलाया है जब 85 वर्षीय पवार को फिर से राज्यसभा भेजने के लिए पार्टी ने अपनी हिस्से की सीट का त्याग कर दिया था.

महाराष्ट्र कांग्रेस ने ‘X’ पर साझा किए गए अपने पोस्ट में लिखा, “कांग्रेस पार्टी 85 साल की उम्र में शरद पवार को राज्यसभा भेजने के लिए अंत तक उनके साथ मजबूती से खड़ी रही. महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों के लिए मार्च 2026 में चुनाव होने थे. नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पास केवल 10 विधायक थे. चुनाव जीतने के लिए एक उम्मीदवार को 36 वोटों की जरूरत थी. कांग्रेस के पास 16 विधायक थे, जबकि शिवसेना (यूबीटी) के पास 20 विधायक थे.”

जिनके लिए कांग्रेस ने सीट छोड़ी, वही बीजेपी का समर्थन कर रहे हैं

कांग्रेस का आरोप है कि राज्यसभा चुनाव के वक्त उसने अपनी दावेदारी पीछे खींच ली थी, लेकिन अब वही शरद पवार बीजेपी सरकार के परिसीमन बिल के पक्ष में खड़े नजर आ रहे हैं.

पार्टी ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, “सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेताओं से समर्थन मांगा था. राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना किसी हिचकिचाहट के सहमति दी थी. कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था और शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था. इसके बाद शिवसेना (यूबीटी) ने भी उनका समर्थन किया था और महा विकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी पर मुहर लगाई थी और अब क्या? परिसीमन बिल के संदर्भ में, वही शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) अब बीजेपी सरकार का समर्थन करने जा रहे हैं.”

दरअसल, केंद्र सरकार अगले सप्ताह संसद का विशेष सत्र बुलाकर इस विधेयक को पेश करने की तैयारी में है. इससे पहले अप्रैल महीने में विपक्षी दलों की एकजुटता के चलते सरकार इस बिल को सरकार पारित नहीं करा सकी थी.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post

संबंधित खबरें

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई

ताज़ा खबरें

error: Content is protected !!